Home > अपना शहर ,
मोहल्ले-मोहल्ले पहुँचेगी आनंदम-वैन

आनंदम के तहत सामग्री एकत्र करने और बांटने के लिये बनाई व्यवस्था 

जरूरतमंदों को कपड़ा, भोजन, दवाईयाँ एवं अन्य सामग्री जन सहयोग से  उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ किए गए आनंदम कार्यक्रम में अब मारूति वैन मोहल्ले-मोहल्ले जाकर सामग्री एकत्र करेगी। साथ ही जरूरतमंदों को मौके पर वितरित भी करेगी। इस वैन का संचालन जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से किया जायेगा।

      एडीएम और आनंदम कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी श्री शिवराज वर्मा ने कहा कि हमारी जरूरतों से ज्यादा सामग्री जरूरतमंदों तक पहुँचाने के लिये राज्य शासन की मंशा अनुसार ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा शासकीय रोडवेज बस स्टेण्ड परिसर स्थित रैनबसेरा में आनंदम केन्द्र की स्थापना की गई है। जिसमें शहर की सामाजिक संस्थायें, स्वयंसेवी व व्यापारिक संगठन, आमजन, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधिगण स्वैच्छिक रूप से सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे लोग जिन्हें उस सामग्री की आवश्यकता होती है वह लोग इस केन्द्र से सामग्री प्राप्त कर रहे हैं।

      उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में यह महसूस किया जा रहा है कि ग्वालियर शहर में एक स्थान से दूसरे स्थान की दूरी अधिक होने के कारण अनेक दानदाता उस केन्द्र तक नहीं पहुँच पा रहे हैं, इसी प्रकार जरूरतमंद व्यक्ति भी आनंदम केन्द्र तक पहुँचने में दिक्कत महसूस कर रहा है। इस कमी को दूर करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा आनंदम-वैन चलाने का निर्णय लिया गया है। इस वैन में स्वयंसेवक सामग्री एकत्र करेंगे और जरूरतमंदों को वितरित भी करेंगे। श्री वर्मा ने इसके संचालन और सफल प्रयास के लिये शहरवासियों से सहयोग की अपील भी की है।

Share This News :