Home > अपना शहर ,
महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान

अभियान में कुष्ठ रोगियों से हाथ मिलाने के साथ ही उनके साथ होंगी खेल गतिविधियाँ 

कुष्ठ रोग की पहचान हर नागरिक कर सके एवं भय भ्रांति दूर हो सके, इस उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी से 13 फरवरी 2017 तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। अभियान के दौरान कुष्ठ रोगियों से सभी लोग हाथ मिलायेंगे, उन्हें सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही कुष्ठ रोगियों के साथ खो-खो, कबड्डी आदि खेल-खेलकर एक उत्सव मनाया जायेगा। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस अभियान को बेहतर रूप से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन ने बताया कि इस अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इस दौरान कलेक्टर द्वारा जारी की गई अपील का वाचन भी ग्रामीणों के समक्ष किया जायेगा। कलेक्टर द्वारा जारी अपील में बताया गया है कि कुष्ठ एक साधारण बीमारी है, यह छुआछूत का रोग नहीं है बल्कि खांसी-झुकाम की भाँति फैलने वाला रोग है। यह एक वैक्टीरिया जीवाणु में होने वाली साधारण बीमारी है। उन्होंने बताया कि जिले में कुष्ठ रोग की प्रभाव दर 10 हजार जनसंख्या पर 0.66 है। इस रोग की शुरूआत में पहचान, जाँच कराई जाए और पूरा इलाज किया जाए तो यह पूर्ण रूप से ठीक हो जाता है और शारीरिक विकलांगता से भी बचा जा सकता है। इस रोग की जाँच एवं इलाज सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केन्द्रों में नि:शुल्क उपलब्ध हैं। कुष्ठ रोग का इलाज कुछ मामलों में 6 माह और कुछ मामलों में 12 माह में हो जाता है।

      कलेक्टर द्वारा जारी अपील में यह भी बताया गया है कि कुष्ठ रोग की पहचान आसान है। इसमें चमड़ी पर फीके दाग-धब्बे जिसमें सुन्नपन, सूखापन हो, पसीना न आता हो तथा खुजली, जलन, चुभन न होती हो। हाथ पैरों में सुन्नपन, सूखापन एवं कमजोरी भोहों का झड़ जाना, कानों का सूजन तथा गठान होना कुष्ठ हो सकता है। एमडीटी कुष्ठ रोग के उपचार की शर्तिया दवा है जो सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केन्द्रों पर नि:शुल्क उपलब्ध है। शरीर पर दाग-धब्बे होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करें एवं कुष्ठ होने पर नि:शुल्क उपचार लेकर कुष्ठ मुक्त हों। कलेक्टर द्वारा अपनी अपील में गाँव और शहर को कुष्ठ मुक्त बनाने का आग्रह किया गया है।

Share This News :