सोनिया गांधी बोलीं- भाजपा ने जबरन पारित किया वक्फ बिल, यह संविधान पर खुला हमला
नई दिल्ली। वक्फ संशोधन बिल लोकसभा में पारित हो चुका है और अब इसे राज्यसभा में पेश करने की तैयारी है। राज्यसभा में गुरुवार दोपहर 1 बजे से चर्चा शुरू होगी।
लोकसभा में 12 घंटे चली मैराथन बहस के बाद वोटिंग हुई और बिल पास हो गया। विधेयक के पक्ष में 288 वोट पड़े, जबकि विपक्ष में 232 सांसदों ने मतदान किया। इसे मोदी सरकार की एक और बड़ी जीत बताया जा रहा है।
गुरुवार सुबह दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के साथ ही सोनिया गांधी ने भी हिस्सा लिया।
इस दौरान सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा ने वक्फ बिल को लोकसभा में जबरदस्ती पारित करवाया है। यह बिल संविधान पर खुला हमला है। भाजपा इस तरह से ध्रुवीकरण करना चाहती है।
लोकसभा में बिल पर चर्चा के दौरान कई उल्लेखनीय पल भी आए। जैसे AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बिल को मुस्लिमों की तौहीन बताते हुए इसकी प्रति फाड़ दी।