ग्वालियर में नाबालिग को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म
14 साल की नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दतिया के दो युवकों ने पानी में नशे की दवा मिलाकर पिलाने के बाद वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक नाबालिग पीड़िता वेडिंग इवेंट का काम करती है। कुछ दिन पहले एक मैरिज गार्डन में दतिया के दो युवकों ने दोस्ती कर उसका मोबाइल नंबर लिया था। शादी फंक्शन में युवकों ने उसे रात 1.30 बजे घर छोड़ने के लिए लिफ्ट ऑफर की। रास्ते में उसे पानी पीने के लिए दिया। पानी पीते ही वह बेहोश होने लगी। इसके बाद दोनों युवक उसे दतिया में एक सुनसान घर में ले गए। आसपास जंगल सा माहौल था। रात भर यहां बंधक बनाकर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह जब पीड़िता को होश आया तो उसे धमकाते हुए ग्वालियर छोड़ गए। वारदात झांसी रोड के परिणय वाटिका के बाहर की है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।माधौगंज निवासी नाबालिग ने झांसी रोड थाना पहुंचकर शिकायत की। बयान में उसने बताया कि वह इवेंट का काम करती है। वह एक मैरिज गार्डन में इवेंट के काम पर गई थी। रात 11 बजे वहां प्लेट काउंटर के पास एक लड़का आया। उसने मुझसे मेरा नाम पूछा और मोबाइल नंबर पूछा। अपना नाम अंशुल अग्रवाल निवासी दतिया बताया। इसके बाद उससे मेरी दो से तीन बार बातचीत होने लगी।पीड़िता ने बताया कि झांसी रोड में एक मैरिज गार्डन में मैं इवेंट के के लिए आई थी। यहां अंशुल का दो से तीन बार कॉल आया। उसका कहना था कि रात ज्यादा हो जाए और टैक्सी न मिले तो वह उसे कॉल कर सकती है। वो मुझे घर तक छोड़ देगा। रात करीब डेढ़ बजे अंशुल अपने दोस्त अवनीश पंडित के साथ आया और उसे घर तक छोड़ने के लिए लिफ्ट ऑफर की। बाइक पर नाबालिग को बैठाकर दोनों आरोपी स्टेशन बजरिया के एक रेस्टोरेंट में ले गए। यहां पर उन्होंने खाना खाया और उसे बोतेल में पानी पीने के लिए दिया। पानी पीते ही वह बेहोश होने लगी। जिस पर उसने घर छोड़ने के लिए कहा। दोनों युवक उसे घर छोड़ने की कहकर हाईवे से होते हुए दतिया ले गए। वहां एक सुनसान इलाके में स्थित मकान में ले गए। यहां फिर पानी पीने के लिए दिया तो वह और ज्यादा बेहोश होने लगी। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वह बेहोश हो गई तो उसे कमरे में बंद कर चले गए।सुबह जब नाबालिग को होश आया तो उसकी हालत खराब थी। इसी बीच आरोपी वहां आ गए। उसने विरोध किया तो मारपीट की। इसके बाद धमका कर वह उसे उसकी नानी के घर के पास छोड़कर चले गए। उस समय वह डर और इज्जत के चलते चुप रही। परिजन ने पूछा तो उसने अपने साथ घटी घटना उन्हें बताई और शुक्रवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में झांसी रोड थाना प्रभारी मंगल सिंह पपोला का कहना है कि नाबालिग की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। दो आरोपी हैं। उनकी तलाश की जा रही है।