मप्र भाजपा अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज - भोपाल आएंगे धर्मेंद्र प्रधान
दिल्ली विधानसभा चुनाव और ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) के चलते मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव एक माह टलने के बाद अब फिर से उसकी कवायद तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जल्द भोपाल आ सकते हैं।उनके भोपाल आने के बाद वरिष्ठ नेताओं के साथ रायशुमारी होने की बात कही जा रही है, जिसके बाद होली से पहले मप्र को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। बता दें कि भाजपा ने 2003 में 10 साल सत्ता में रहने वाली कांग्रेस को हटाकर प्रदेश में अपनी सरकार बनाई।इसके बाद अपनाए गए फार्मुले ने भाजपा को मजबूत स्थिति में खड़ा कर दिया है। जिसके अनुसार भाजपा ने अब तक मुख्यमंत्री का चेहरा ओबीसी वर्ग से और प्रदेश अध्यक्ष स्वर्ण को बनाया है। हालांकि इस बार मुख्यमंत्री के साथ ही दो उपमुख्यमंत्री बनाने से जातिगत समीकरण को लेकर कई नेता रेस में शामिल हो गए है। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की दावेदारी काफी मजबूत मानी जा रही है। वह ब्राह्मण वर्ग से आते हैं और राज्य की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। उनकी केंद्रीय नेतृत्व से भी अच्छी ट्यूनिंग मानी जाती है। वर्तमान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा हैं, जो ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। वीडी को पार्टी नई जिम्मेदारी दे सकती है। डॉक्टर मिश्रा के आलावा और नाम भी चर्चा में हैं ,लेकिन माना जा रहा है कि जो भी अध्यक्ष बनेगा वह मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव कि पसंद से ही होगा |