लोकायुक्त ने प्राचार्य को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया
इंदौर लोकायुक्त इकाई ने धार जिले के शासकीय महाविद्यालय कानवन में एक ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई के दौरान कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। महानिदेशक लोकायुक्त जयदीप प्रसाद ने बताया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश गए हैं और किसी भी शिकायत के मिलते ही हम तुरंत एक्शन ले रहे हैं। इसी क्रम में हमें यह शिकायत मिली थी और प्रिंसिपल को तुरंत पकड़ा गया। इस मामले में शिकायतकर्ता विजय बारिया, उम्र 21 वर्ष, जो शासकीय महाविद्यालय कानवन में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सितंबर से दिसंबर 2024 तक की 4 महीने की वेतन राशि जारी करने के लिए कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ. मंजू पाटीदार द्वारा 13,000 रिश्वत की मांग की जा रही थी। इस संबंध में विजय ने दिनांक 26 फरवरी 2025 को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में पुलिस अधीक्षक (विपुस्था) राजेश सहाय को शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद आज दिनांक 1 मार्च 2025 को एक ट्रैप दल का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की टीम ने आरोपी डॉ. मंजू पाटीदार को कार्यालयीन कक्ष में आवेदक से 9,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर सभी आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।