सौरभ शर्मा ने नहीं बताया कार में मिला 54 किलो सोना और 10 करोड़ रुपये किसके
भोपाल। काली कमाई के आरोपित सौरभ शर्मा से आयकर अधिकारियों की टीम पिछले पांच दिनों में लगभग 40 घंटे पूछताछ कर चुकी है। हजारों सवाल किए गए, लेकिन सौरभ ने यह नहीं बताया कि लोकायुक्त छापे के अगले दिन मेंडोरी गांव में मिली कार में मिला 54 किलो सोना 10 करोड़ रुपये नकद किसके थे। अब आयकर विभाग यह सोना और नकदी सरकारी खजाने में जमा करने की तैयारी में है।दरअसल, सोने की ईंटें और नगद राशि जिस कर में मिली थी वह सौरभ के करीबी चेतन सिंह गौर के नाम पर है, लेकिन चेतन ने आयकर अधिकारियों से पूछताछ में बताया था कि यह कार सौरभ ने ही खरीदी थी। उपयोग भी सौरभ और उसके कार्यालय के लोग कर रहे थे।ऐसे में आयकर विभाग को आशा थी कि पूछताछ में सौरभ राज उगल देगा कि सोना किसका था, पर वह साफ मना कर रहा है।लोकायुक्त और ईडी से पूछताछ में भी उसने सोने और नकद राशि के बारे में कुछ नहीं बताया था।बता दें की काली कमाई के आरोप में लोकायुक्त पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में सौरभ शर्मा, उसका करीबी चेतन सिंह गौर और शरद जायसवाल तीनों चार मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल में है।पिछले पांच दिन से लगातार आयकर अधिकारियों की चार से छह सदस्यीय टीम जेल में जाकर सौरभ से पूछताछ कर रही है।शुक्रवार को सुबह 9.30 बजे से लेकर रात आठ बजे तक पूछताछ की गई। शनिवार को चेतन और शरद से पूछताछ की जाएगी।
आयकर अधिकारियों की टीम ने एक माह पहले लोकायुक्त पुलिस से सौरभ और चेतन के यहां जब्त संपत्ति की जानकारी मांगी थी, लेकिन उसने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है। छापे में चांदी की ईंटें मिली थी। लोकायुक्त की जानकारी के आधार पर आयकर विभाग इसकी कीमत आरोपितों की आय में जोड़ना चाहता है। अब इसके लिए आयकर विभाग की ओर से दोबारा पत्र लिखने की तैयारी है।