Home > अपना शहर ,
12 लाख की लागत से होगा द्वारिकापुरी कम्युनिटी हॉल का जीर्णोद्धार : पवैया

ग्वालियर। उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि राजनेता का कर्तव्य एक चुनाव से दूसरे चुनाव को दृष्टि में रखकर जीना नहीं होता। बल्कि जनता द्वारा दी गई शक्ति के माध्यम से क्षेत्र और समाज का विकास करना होता है। उन्होंने अपने ग्वालियर भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में द्वारिकापुरी कम्युनिटी हॉल, विहार कॉलोनी तथा विनय नगर शांति मैरिज हॉल में आम जनों से भेंट की तथा क्षेत्रीय समस्याओं के संबंध में अधिकारियों को तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात पवैया 24 बीघा बहोडापुर गालेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित भण्डारे में शामिल हुए। पवैया पत्रकार प्रदीप शास्त्री की माताजी के निधन हो जाने के कारण उनके निवास स्थान पर गए तथा उनके परिजनों से भेंट की। 
मंत्री पवैया ने द्वारिकापुरी, कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार कार्य को स्वीकृति देते हुए 12 लाख रूपए की मंजूरी प्रदान की। उन्होंने जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही पानी की समस्या के निदान के लिये अमृत परियोजना के तहत पानी की टंकी के निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया। इस टंकी के बन जाने से आस-पास के क्षेत्र में पानी की समस्या का निदान हो सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने जनता की माँग पर सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर वार्ड क्रं. 32 की पार्षद श्रीमती अनीता शर्मा, एडवोकेट राजेन्द्र शर्मा, उपायुक्त नगर निगम गौर, क्षेत्रीय उपायुक्त जागेश श्रीवास्तव, जेडओ हसीन अख्तर सहित जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे। 

Share This News :