Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
MP में कोहरा और कड़ाके की ठंड, बादल छाने से कई जिलों में हो सकती है बारिश

 भोपाल। हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल बने हुए हैं। शनिवार-रविवार को कुछ क्षेत्रों में वर्षा भी हुई। वातावरण में नमी रहने के कारण कोहरा एवं धुंध भी बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने से अब वर्षा होने की संभावना कम है।

इससे रात के तापमान में भी कुछ कमी आने के आसार हैं। हालांकि अभी दो दिन तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बादल बने रहने के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

रविवार को प्रदेश में सबसे कम 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। उमरिया में शीतल दिन रहा। उधर रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक दमोह में सात, सतना एवं उमरिया में दो, बैतूल एवं रीवा में एक मिलीमीटर वर्षा हुई।

ये मौसम प्रणालियां हैं सक्रिय
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर-मध्य राजस्थान और उसके आसपास एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में वर्षा होने की संभावना नहीं है।

 

Share This News :