Homeराज्यो से ,
MP में शीतलहर से कड़ाके की ठंड, पचमढ़ी में जमी बर्फ

 उत्तर भारत के पहाड़ बर्फ से ढंकने लगे हैं। वहां से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं से मध्य प्रदेश में ठिठुरन और बढ़ती जा रही है। प्रदेश के लगभग सभी शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में तो रात का पारा 1.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।

पचमढ़ी में तीव्र शीतलहर रही, जबकि भोपाल, धार, खंडवा, राजगढ़, जबलपुर, सागर एवं सिवनी में शीतलहर का प्रभाव रहा। उधर, बुधवार को बैतूल, भोपाल, खंडवा, रतलाम, नरसिंहपुर, सीधी एवं इंदौर में शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सर्दी के तेवर अभी और भी तीखे हो सकते हैं। इस दौरान फसलों पर पाला पड़ने की भी आशंका बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर पश्चिमी बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी होने से वहां का तापमान काफी कम हो गया है। हवाओं का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर पश्चिमी बना हुआ है।

उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रह सकता है। तापमान काफी नीचे गिरने से फसलों पर पाला पड़ने की भी आशंका है।

 
 
 
 

Share This News :