विजयपुर में हार पर घमासान, सिंधिया खुद नहीं गए या भाजपा ने नहीं बुलाया? इन बयानों से भड़की सियासत
मध्य प्रदेश में विजयपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद अब घमासान शुरू होता दिख रहा है। पार्टी के कद्दावर नेता व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी आमने सामने आ गए हैं। विजयपुर उपचुनाव में प्रचार को लेकर दिए गए सिंधिया के बयान को सबनानी में सिरे से खारिज कर दिया है। ऐसे में हार के मंथन के बीच भाजपा में इसे लेकर तकरार भी हो सकती है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि हार के इस घमासान की शुरुआत कैसे हुई, दोनों नेताओं की ओर से क्या बयान दिए गए?
मध्य प्रदेश की विजयपुर सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम बीती 23 नवंबर को सामने आए थे। उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार और वन मंत्री रामनिवास रावत को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने रावत को 7228 वोटों से हरा दिया। यह हार भाजपा के लिए बड़ा झटका थी, क्योंकि सारे प्रयास के बाद भी पार्टी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। इस सीट को जीतने के लिए ही भाजपा ने कांग्रेस विधायक रहे रामनिवास रावत को पार्टी में शामिल किया था। साथ ही उन्हें वन मंत्री का पद भी दिया गया था, इसके बाद भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा की हार के बाद कई तरह के सवाल खड़े हुए। इसमें सबसे बड़ा सवाल यह भी था कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां प्रचार क्यों नहीं किया।