'मुख्यमंत्री भाजपा और उप मुख्यमंत्री बाकी दो सहयोगी दलों से होंगे', अजित पवार का बयान
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हुए अब एक हफ्ता हो चुका है लेकिन मुख्यमंत्री के चेहरे पर संशय बरकरार है। इस बीच, कार्यवाहक उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य में सरकार के गठन पर शनिवार को कहा कि दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेताओं की बैठक में फैसला लिया गया कि महायुति सरकार बनाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री भाजपा से होंगे और उप मुख्यमंत्री बाकी दो सहयोगी दलों से होंगे। अजित पवार ने आगे कहा, यह पहली बार नहीं है जब सरकार गठन में देरी हो रही है। अगर आप 1999 को याद करें तो उस समय भी सरकार बनाने में एक महीने का वक्त लगा था। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आए। इन नतीजों में महायुति ने कुल 288 विधानसभा सीटों में से 235 सीटें हासिल कीं। भाजपा ने सबसे अधिक 132 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी दल- मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 सीटें जीतीं और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीटें जीतीं। इसके अलावा पांच सीटें महायुति में शामिल अन्य दलों- जन सुराज्य शक्ति (2), राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी (1) और राष्ट्रीय समाज पक्ष (1) ने जीतीं।