Home > राज्यो से ,slider news,
भाजपा कार्यालय में बना विजय उत्सव, सीएम बोले- यह जीत मोदी जी के प्रति जनता के विश्वास की जीत
मध्य प्रदेश में भोपाल के भाजपा कार्यालय में शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा व देश के अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों में मिली जीत पर विजय उत्सव मनाया गया है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शामिल हुए। उन्होंने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और आतिशबाजी कर उत्सव मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाराष्ट्र, झारखंड सहित देश के अनेक राज्यों में हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली अपार सफलता पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की विजय यात्रा पार्टी कार्यकर्ताओं के भरोसे आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में पार्टी को मिली सफलता हमारे लिए प्रसन्नता का विषय है, लेकिन विशेषकर महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम उद्धव ठाकरे की शिवसेना, शरद पवार की एनसीपी के लिए कई मायनों में सबक भी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। हमने 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की। 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीतीं। कांग्रेस और कमलनाथ का गढ़ कही जाने वाली छिंदवाड़ा सीट भी हमने जीती और उपचुनाव में अमरवाड़ा की विधानसभा सीट भी हम जीते। उपचुनाव में बुधनी विधानसभा में भी हम आगे हैं। उन्होंने कहा कि विजयपुर में हमारे प्रत्याशी रामनिवास रावत को भले ही पराजय का सामना करना पड़ा हो, लेकिन वहां हमारे वोट बढ़े हैं। मध्यप्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास की यात्रा को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी और आने वाले चुनाव में हम विजयपुर में भी बड़ी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत जो दुनिया का सबसे युवा देश है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और यही लोकतंत्र की असली ताकत है, देश के मतदाताओं की ताकत है।