कांग्रेस की बैठक में नहीं पहुंचे बड़े नेता,पटवारी हुए भावुक
मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जीतू पटवारी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजनीतिक मामलों की समिति, प्रदेश कार्यकारिणी, स्थायी आमंत्रित एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठकें पीसीसी में गुरुवार को हुई। इन बैठकों में प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता नदारत रहे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कमलनाथ अरुण यादव अजय सिंह कमलेश्वर पटेल समेत कई बड़े नेता बैठक में नहीं पहुंचे। वहीं बैठक के बीच में ही कुछ कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर के नेताओं को कार्यकारिणी में जगह देने की मांग को लेकर कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। इस बैठक में शामिल होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में जिला, ब्लॉक, मंडल सेक्टर में कैसे काम करेंगे, इस पर चर्चा होगी। इस बैठक में बहुत से राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा होगी। किस तरह से सरकार काम कर रही है, जनता परेशान है, लॉ एंड आर्डर को लेकर स्थिति खराब है,इसके अलावा भी कई मुद्दे हैं।बैठक में कई बड़े नेतओं के नहीं पहुंचे पर सफाई देते हुए प्रदेश प्रभारी जीतेन्द्र भंवर सिंह ने कहा कि इस बैठक में शामिल होने के लिए कई नेता शादी ब्याह के चलते नहीं आ पा रहे हैं। इन सभी को वीडियो कांफ्रेंसिंग या वर्चुअल जुड़ने के लिए कहा गया है।बैठक शुरू होने के पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में शामिल सभी नेताओं का बुके देकर स्वागत किया। इस बैठक में शामिल होने के लिए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह नहीं पहुंचे।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की पहली कार्य समित की बैठक में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीनाक्षी नटराजन, अजय सिंह, गोविंद सिंह, अरुण यादव की दूरी से जीतू पटवारी का दर्द झलक पड़ा और वे भावुक हो गए। पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को सलाह देते हुए कहा कि मायूस और आंसू छलकाने से कुछ नहीं होने वाला है। अब कांग्रेस की सरकार कैसे आए इस पर विचार करना होगा। बैटक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि बैठक में जीतू पटवारी भावुक हुए थे। ये आर्टिफिशियल आंसू नहीं थे। कठिन समय मे जीतू पटवारी अध्यक्ष बने है, मीटिंग में सबसे मदद मांगी है। हम सब एकजुट है, पार्टी में कोई दो फाड़ नहीं है।