सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा सोमवार, मौसम विभाग ने जारी किया अगले तीन दिन के लिए अलर्ट
ठंडी हवाओं के प्रभाव से दिल्ली में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 16.2 डिग्री रहा। तापमान में कमी के बावजूद सर्दी अभी दूर है, क्योंकि दो दिन बाद से फिर से तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। जब तक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम नहीं पहुंचेगा तब तक सर्दी का अहसास ज्यादा नहीं होगा।बारिश नहीं होने के कारण प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ता जा रहा है। अभी बारिश की संभावना नहीं है इसलिए कम से 24 नवंबर तक मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहेगा। मानसून की विदाई के बाद अक्तूबर में भी बारिश नहीं हुई और नवंबर का महीना भी खत्म होने जा रहा है। इस माह के अंत तक बारिश की संभावना नहीं है। इस कारण अक्तूबर की तरह नवंबर भी गर्म महीना रह सकता है। वहीं सोमवार को कोहरे और प्रदूषण की मोटी चादर से प्रदूषण की स्थिति गंभीर हो गई। मौसम विभाग की मानें तो कोहरे की यह स्थिति 19 व 20-21 नवंबर को भी रहेगी। विभाग ने 19 को इसके लिए ऑरेंज अलर्ट और 20-21 के येलो अलर्ट जारी किया है।दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के जाने के बाद रविवार से हल्की ठंड का अहसास हुआ और वह सोमवार को भी जारी रहा। इससे दिन के तापमान में कमी आई। अभी 23 से 25 नवंबर के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा लेकिन इसका असर पहाड़ों तक ही सीमित रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव से 20 व 21 नवंबर को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। लेकिन उसके बाद फिर से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।