Home > अपना शहर ,
नारी शक्ति का प्रतीक है – संभाग आयुक्त श्री रूपला

बेटी है तो कल है संस्था द्वारा प्रतिभाओं का सम्मान  

बेटी है तो कल है, सामाजिक संस्था द्वारा होटल सन इस्टेट में सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली 51 प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि ग्वालियर संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला थे। अध्यक्षता पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय समन्वयक महिला संसाधन श्री सुरेश तोमर, संयुक्त संचालक जनसंपर्क श्री डी डी शाक्यवार, प्रबंधक हस्तशिल्प एवं विकास निगम श्री डी सी तिवारी, संस्था की संयोजिका डॉ. वंदना भूपेन्द्र शर्मा सहित श्री अशोक प्रेमी एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।

      कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एस एन रूपला ने कहा कि आज का युवा जैसा करेगा वैसा ही हमारे देश का निर्माण होगा। देश के विकास में हमारी बेटियों की भागीदारी भी किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के रूप में ही पूज्यनीय है। ईश्वर ने भी सारी शक्तियाँ नारी शक्ति को ही प्रदान की हैं। चाहे वो माँ दुर्गा हो, माँ सरस्वती हो या माँ लक्ष्मी । श्री रूपला ने कहा कि नारी का जहाँ भी सम्मान होता है, वहाँ देवताओं का वास होता है। बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी ताकत से अपनी पहचान बनाई है।

      कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने कहा कि महिलायें अब अबला नहीं रहीं हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रों में अपनी कार्यक्षमता से अपनी अलग पहचान बनाई है। महिलाओं के संरक्षण हेतु सरकार ने अनेक कानून भी बनाए हैं। आवश्यकता महिलाओं को आत्मनिर्भर होकर कार्य करने की है। श्रीमती गुप्ता ने बेटी है तो कल है, संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ अन्य संस्थाओं को भी करना चाहिए।

      कार्यक्रम में टेम्पो चालक हरिमोहन चौरसिया को सम्मानित भी किया गया। समारोह में समाजसेवी, पुलिस विभाग, खेल विभाग एवं संस्था कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

Share This News :