Home > अपना शहर ,
हॉकी का ग्वालियर में स्वर्णिम इतिहास रहा है – श्रीमती माया सिंह

अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्‍न

पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली की टीम ने जीती ट्रॉफी 

अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को रेलवे हॉकी स्टेडियम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति श्री राकेश माहौर, हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष एवं मध्य भारत हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर उपस्थित थे। प्रतियोगिता में पंजाब नेशनल बैंक दिल्ली की टीम ने साउथ सेंटर हैदराबाद की टीम को 3-1 से हराकर विजयश्री प्राप्त की। विजेता टीम को 3 लाख रूपए और उपविजेता टीम को 2 लाख रूपए की राशि का पुरस्कार प्रदान किया गया।

      प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि हॉकी खेल में ग्वालियर का स्वर्णिम इतिहास रहा है। ग्वालियर के खिलाड़ियों ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। ग्वालियर नगर निगम सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने प्रतियोगिता में विजयी टीम को बधाई दी। इसके साथ ही हॉकी की शानदार प्रतियोगिता के लिये सभी को बधाईयाँ दी।

      कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यह प्रतियोगिता 80वीं प्रतियोगिता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम खेलों के प्रोत्साहन हेतु सालभर प्रतियोगितायें आयोजित करता है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में खेल के प्रति रूचि बढ़ती है।

      उन्होंने कहा कि ग्वालियर का हॉकी में अग्रणी स्थान रहा है। यहाँ के खिलाडियों ने देश-विदेश में ग्वालियर का नाम रोशन किया है। आज भी ग्वालियर के कई खिलाड़ी भारतीय टीम में अपना स्थान बनाकर शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अच्छे खेल की बधाई दी।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में यह भी थे उपस्थित

      महापौर परिषद के सदस्य श्री सतीश बोहरे, श्री धर्मेन्द्र राणा, श्रीमती नीलिमा शिंदे, श्री केशव सिंह, पार्षद श्री मनीराम व श्री बाबूलाल चौरसिया, भाजपा के महामंत्री श्री कमल माखीजानी, श्री रामेश्वर भदौरिया, हॉकी संघ के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक और खेलप्रेमी उपस्थित थे। 

रानी राणा और इंतियाज अली का सम्मान

      पुरस्कार वितरण समारोह में नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह एवं महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने ग्वालियर के राष्ट्रीय खिलाड़ी श्री इंतियाज अली और रेसलिंग की खिलाड़ी कु. रानी राणा का भी शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। अतिथियों ने उनके बेहतर खेल प्रदर्शन की सराहना की और आगे भी अपनी खेल प्रतिभाओं से ग्वालियर का नाम रोशन करने की अपील की।

  

Share This News :