Homeराज्यो से ,
फील्ड डायरेक्टर को सीएम यादव ने किया निलंबित

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 72 घंटे में 10 हाथियों की मौत के मामले में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम निवास में वन विभाग के अफसरों की क्लास ली। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में राज्य स्तरीय हाथी टास्कफोर्स गठित किया जाएगा। हाथी-मानव सह अस्तित्व सुनिश्चित करने के लिए हाथी मित्र बनाए जाएंगे। इसके साथ ही सीएम ने बांधवगढ़ के फील्ड डायरेक्टर और प्रभारी एसीएफ को सस्पेंड करने का आदेश दिया। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिन क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही अधिक है, वहां किसानों की फसलों को बचाने के लिए सोलर फेंसिंग की व्यवस्था होगी। यही नहीं किसानों को कृषि के अलावा कृषि वानिकी एवं अन्य वैकल्पिक कार्यों से भी जोड़ने के प्रयास होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में आने वाले समय में ऐसे वन क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जिसमें हाथियों की बसाहट के साथ सह अस्तित्व की भावना मजबूत हो सके। केंद्रीय वन मंत्री से भी इस संबंध में चर्चा हुई है। वे मार्ग दर्शन करेंगे, जिससे वन विभाग इस क्षेत्र में ठोस कार्यवाही कर सके। जिन जिलों में हाथी वन क्षेत्रों में रह रहे हैं वहां हाथी मित्र जन जागरूकता के लिए कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हाथियों की मृत्यु की इतनी बड़ी घटना के समय फील्ड डायरेक्टर का अवकाश से वापस न आना और पूर्व में हाथियों के दल आने के संदर्भ में जो आवश्यक चिंता की जाना चाहिए, वह नहीं की गई। इस लापरवाही के लिए फील्ड डायरेक्टर गौरव चौधरी को सस्पेंड किया गया है। चौधरी ने हाथियों की मौत की सूचना मिलने के बाद मोबाइल बंद कर दिया। वहीं, प्रभारी एसीएफ फतेहसिंह निनामा को भी निलंबित किया गया है। 

 



Share This News :