Home > अपना शहर ,
जिले में आनंद उत्सव का शुभारंभ आज से

पहले दिन 33 ग्राम पंचायतों के लोग आनंद महोत्सव में भागीदार बनेंगे   

जिले में 14 से 21 जनवरी तक ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाने वाले आनंद उत्सव की कड़ी में आज जिले के 12 ग्राम पंचायत क्लस्टर में खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें 33 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण सम्मिलित होकर आनंद उत्सव में भागीदारी दर्ज करायेंगे। यह कार्यक्रम 21 जनवरी तक अलग-अलग ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे। 

      आनंद उत्सव के नोडल अधिकारी और एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि आनंद महोत्सव के तहत डबरा विकासखण्ड के चार क्लस्टर करियावटी में ग्राम पंचायत करियावटी, जतरथी और सर्वा, क्लस्टर झाड़ोली में ग्राम पंचायत झाड़ोली, जरावनी और नुन्हारी तथा क्लस्टर छीमक में छीमक, सिरसा और गोबरा ग्राम पंचायत के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इसी प्रकार भितरवार विकासखण्ड के क्लस्टर सांखनी में ग्राम पंचायत सांखनी, लोहारी और पवाया, क्लस्टर बागवई में ग्राम पंचायत बागवई, बन्हेरी व इकहरा, क्लस्टर दुबहा टांका, दुबही और उर्वा के कार्यक्रम विकासखण्ड बरई में क्लस्टर कुलैथ में ग्राम पंचायत कुलैथ, सिंगोरा और जेबरा, क्लस्टर निरावली में ग्राम पंचायत निरावली, तिलघना व मिलावली, क्लस्टर सुसहरा में ग्राम पंचायत सुसहरा, जिगसोली और ओड़पुरा, विकासखण्ड मुरार में क्लस्टर अडुपुरा में ग्राम पंचायत अडुपुरा, बस्तरी और रौरा, क्लस्टर सोंसा में ग्राम पंचायत सोंसा, बंधोली और उदयपुर, क्लस्टर बरेठा में ग्राम पंचायत बरेठा, गुठीना और डांग गुठीना में खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

श्री वर्मा ने बताया कि डबरा विकासखण्ड के अंतर्गत 23, भितरवार में 27, बरई में 15 तथा मुरार विकासखण्ड में 20 क्लस्टर बनाए गए हैं। जिनमें दो से तीन पंचायतों के समूह बनाकर एक पंचायत मुख्यालय पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। ये प्रतियोगितायें 14 जनवरी से 21 जनवरी तक लगातार आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को आयोजन हेतु 15 – 15 हजार रूपए की राशि भी आवंटित की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, बॉलीबॉल, रस्साकसी, साइकिल रेस आदि की प्रतियोगितायें होंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीत भजन आदि की प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। यह प्रतियोगिता पहले ग्राम पंचायत स्तर पर फिर ब्लॉक स्तर पर और उसके बाद जिला स्तर पर होंगी।

“आनंदम कार्यक्रम” के तहत मुख्य समारोह रोडवेज बस स्टेण्ड पर

मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे जन समुदाय को संबोधित

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पूरे प्रदेश में एक साथ 14 जनवरी को प्रात: 11 बजे से आनंदम केन्द्रों पर भोपाल से लाईव प्रसारण द्वारा उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करेंगे। ग्वालियर जिले का मुख्य समारोह शासकीय बस स्टेण्ड रेन बसेरा में पर आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्ग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करायेंगे। आनंदम कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि आनंदम कार्यक्रम राज्य सरकार की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है। जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जरूरतमंदों की निस्वार्थ मदद और सहयोग करने के लिये शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का आहवान किया है। जिसमें प्रशासन द्वारा विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक, स्वयंसेवी, खेल संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आमंत्रण दिया गया है।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को सौंपा दायित्व

      एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम के व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है, जिसके अंतर्गत कार्यक्रम स्थल की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आयुक्त नगर निगम, सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी व यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी डीएसपी यातायात श्री हरवंश कन्हौआ को सौंपी गई है। साथ ही कार्यक्रम स्थल से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिये एसडीएम श्री गणेश जायसवाल, श्री रिंकेश वैश्य, श्री विजय राज तथा तहसीलदार श्री अनिल राघव, श्रीमती भूमिजा सक्सेना, श्रीमती मधुलिका सिंह तोमर, श्रीमती योगिता वाजपेयी, नायब तहसीलदार श्री कुबेर सिंह भदौरिया और स्वास्थ्य सेवाओं के लिये सीएमएचओ डॉ. एस एस जादौन को दायित्व सौंपा गया है।

Share This News :