किडनी रोगियों के लिए बड़ी राहत, इस राज्य में बिल्कुल फ्री होगा डायलिसिस
हरियाणा में सरकार बनने के साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना पहला चुनावी वादा पूरा किया है। सरकार ने घोषणा की है कि क्रोनिक किडनी डिजीज के शिकार रोगियों को राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जाएगी।
अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो किडनी रोगियों से संबंधित निर्णय के बारे में थी। हमने चुनावों में भी यह वादा किया था। डायलिसिस का खर्च करीब 20,000 से 25,000 रुपये प्रति माह का आता है। अब हरियाणा सरकार इसका खर्च उठाएगी। सरकार के इस फैसले से राज्य में किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
डायलिसिस से क्या होता है?
किडनी के ठीक से काम न करने की स्थिति में आपके शरीर में रसायनों को संतुलित रखने के लिए डायलिसिस किया जाता है।
डायलिसिस आपके शरीर से अपशिष्ट और अतिरिक्त तरल पदार्थ को निकालने में सहायक है ताकि वे शरीर में जमा न हो सकें।
खून में पोटेशियम, सोडियम, कैल्शियम और बाइकार्बोनेट जैसे खनिजों का स्तर ठीक बनाए रखने में भी इससे मदद मिलती है।
डायलिसिस के माध्यम से किडनी फेलियर वाले रोगियों में ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल रखने की कोशिश की जाती है।