Homeराज्यो से ,
BJP सदस्यता अभियान का ठेका लेने एक शख्स ने विश्नोई को किया फोन,फिर क्या हुआ

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक व पूर्व मंत्री अजय विश्नोई द्वारा सदस्यता अभियान को लेकर उठाए गए सवालों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह पार्टी को बदनाम करने की साजिश है और इसमें एक शख्स का हाथ है जो पार्टी के नाम पर पैसे मांग रहा था।अजय विश्नोई ने सदस्यता अभियान को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में सदस्य बनाने के लिए अब पैसे खर्च करने की बात सामने आ रही है। कुछ एजेंसियां फोन कर सदस्यता बढ़ाने का ठेका मांग रही हैं। यह एक नया ट्रेंड है जहां पैसा देकर अपने समर्थकों की संख्या बढ़ाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग संगठन में बड़े नेता बनने के लिए अपने खर्च पर सदस्य बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। विश्नोई ने इस प्रवृत्ति को 'गणेश परिक्रमा करने वाले' नेताओं के रूप में वर्णित किया, जो बिना किसी ठोस आधार के संगठन में ऊंचाई पाने की कोशिश कर रहे हैं।

क्राइम ब्रांच में शिकायत
इस मामले में भाजपा कार्यकर्ता भोपाल और इंदौर में क्राइम ब्रांच पुलिस थाने पहुंचे और एक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि एक व्यक्ति ने अजय विश्नोई को फोन किया और कहा कि वह सदस्यता अभियान में मदद कर सकता है। उसने दावा किया कि उसके पास हितग्राहियों का डाटा और मोबाइल नंबर हैं और प्रति व्यक्ति पांच रुपये के हिसाब से दो दिन में 10,000 सदस्य बना सकता है। अगर और सदस्य चाहिए, तो 1 लाख तक भी बना देगा। भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि यह भाजपा को बदनाम करने की साजिश है और इसमें किसी अन्य राजनीतिक दल का हाथ हो सकता है। उन्होंने इस मामले की कानूनी जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


अभियान की सच्चाई पर सवाल
यह मामला तब सामने आया जब अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया पर भी इस अभियान को लेकर अपने विचार साझा किए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए पैसा खर्च करके सदस्य बनाना एक अनुचित तरीका है। यह पार्टी की साख और संगठनात्मक ढांचे के लिए हानिकारक है।



Share This News :