Home > अपना शहर ,
आनंदम कार्यक्रम में शासकीय कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य – कलेक्टर डॉ. गोयल

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने मध्यप्रदेश शासन के आनंद विभाग के अंतर्गत शासकीय बस स्टेण्ड रेन बसेरा में 14 जनवरी को प्रात: 11 बजे से होने वाले आनंदम कार्यक्रम में सभी जिला अधिकारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

      डॉ. गोयल ने कहा है कि आनंदम कार्यक्रम राज्य सरकार की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है। जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जरूरतमंदों की निस्वार्थ मदद और सहयोग करने के लिये शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का आहवान किया है। इसी क्रम में 14 जनवरी को प्रात: 11 बजे से ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रशासन द्वारा विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक, स्वयंसेवी, खेल संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आमंत्रण दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान प्रात: 11.30 बजे से उपस्थित जन समुदाय को ऑनलाईन संबोधन भी करेंगे।

      एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि इस अभियान से स्वयंसेवी क्षेत्रों में काम करने वाले युवा भी आगे आने लगे हैं। जिनकी मदद से जिला प्रशासन ऐसे दानदाता जो आनंदम केन्द्र तक सामग्री नहीं पहुँचा सकते हैं, उनके घर से सामग्री का संकलन कर सकता है। इसके लिये सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले युवा श्री रोहित ताम्बे मोबा. नं. 7000678270  और गगन जाधव मोबा. नं. 9713299555 से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा अन्य संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से सहभागिता के लिये संपर्क भी किया जा रहा है। इसके साथ ही श्री वर्मा ने बताया कि जो भी व्यक्ति इस अभियान से जुड़ना चाहते हैं वे नोडल अधिकारी के मोबाइल नं. 94250-47317 पर संपर्क कर सकते हैं।

      उल्लेखनीय है कि ग्वालियर जिला प्रशासन की पहल पर 5 जनवरी को केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, के मुख्य आतिथ्य में रेनबसेरा परिसर में अर्पणम आनंदम केन्द्र की शुरूआत की गई है। जिसके माध्यम से जरूरतमंदों को मदद करने का क्रम जारी है।

Share This News :