Home > अपना शहर ,
जिले में आनंद महोत्सव की तैयारियाँ पूर्ण

ग्राम पंचायतों के 85 समूह में प्रतिदिन होंगी खेल-कूद और सांस्कृतिक गतिविधियाँ 

जिले में 14 से 21 जनवरी तक ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाने वाले आनंद उत्सव के लिये जिले में सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इसके लिये जिले की 256 ग्राम पंचायतों को 85 समूहों में बांटकर क्लस्टर तैयार किए गए हैं। सभी अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा इस आयोजन के लिये समितियों का गठन कर खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ चयनित कर ली गई हैं।

      आनंद उत्सव के नोडल अधिकारी और एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि आनंद महोत्सव के लिये डबरा विकासखण्ड के अंतर्गत 23, भितरवार में 27, बरई में 15 तथा मुरार विकासखण्ड में 20 क्लस्टर बनाए गए हैं। जिनमें दो से तीन पंचायतों के समूह बनाकर एक पंचायत मुख्यालय पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। ये प्रतियोगितायें 14 जनवरी से 21 जनवरी तक लगातार आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को आयोजन हेतु 15 – 15 हजार रूपए की राशि भी आवंटित की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, बॉलीबॉल, रस्साकसी, साइकिल रेस आदि की प्रतियोगितायें होंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीत भजन आदि की प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। यह प्रतियोगिता पहले ग्राम पंचायत स्तर पर फिर ब्लॉक स्तर पर और उसके बाद जिला स्तर पर होंगी। उन्होंने बताया कि सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम आयोजन के उपरांत उससे संबंधित फोटोग्राफ और परिणाम पत्रक जिला कार्यालय को यथाशीघ्र उपलब्ध करायेंगे।

      श्री वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में 50 वर्ष से अधिक आयु वाले समूह को भी विशेष रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। प्रतियोगिताओं को और रोचक बनाने के लिये अधिक से अधिक सहयोग लिया जायेगा। प्रतियोगिताओं में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के लिये सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्यों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराये जाने के साथ ही उन्हें कार्यक्रम में उपस्थित होने का आमंत्रण भी दिया गया है।

Share This News :