Home > अपना शहर ,
ब्राण्ड एम्बेसडर “रानी” को 10 हजार की प्रोत्साहन राशि

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ

अंतरविश्वविद्यालयीन कुश्ती प्रतियोगिताओं में अंचल का नाम रोशन करने पर दी राशि 

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की ग्वालियर जिले की ब्राण्ड एम्बेसडर कु. रानी राणा को कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा 10 हजार रूपए की राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कु. रानी को यह राशि मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय अंतर विश्वविद्यालयीन महिला कुश्ती प्रतियोगिता के 55 किलो आयु वर्ग में गोल्ड मैडल जीतने पर दी गई।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि ग्वालियर जिले में कन्या भ्रूण हत्या को हतोत्साहित करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा जिले की ऐसी बेटियाँ जिन्होंने अपनी क्षमता और योग्यता से देश व प्रदेश में पहचान बनाई है। उन्हें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से जोड़कर प्रोत्साहित करने का काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा ग्वालियर की ही 13 बेटियों को ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में चयनित किया गया है। बच्चियों के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा शहर में इन बच्चियों के होर्डिंग तैयार कर लगवाए गए हैं। साथ ही समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों और मंचों पर बच्चियों को सम्मानित कर ये संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। आवश्यकता है उन्हें अवसर और सहयोग प्रदान करने की।

      डॉ. गोयल ने कहा कि इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा ग्वालियर के मुरार विकासखण्ड के ग्राम जखारा निवासी कु. रानी ने गरीब और रूढ़ीवादी परिवार में जन्म लेने के बाद अपनी जिद पर शिक्षा प्रारंभ की। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के बाबजूद रानी ने पुरूषों के लिये मानी जाने वाली कुश्ती जैसे खेल को अपनाया और अपनी मेहनत और लगन से इस अंचल का नाम रोशन कर रही है। इस परिस्थिति में जिला प्रशासन का भी यह नैतिक दायित्व है कि इस तरह की बच्चियों को प्रोत्साहित किया जाए। इसी कड़ी में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के जागरूकता मद से 10 हजार रूपए की राशि कु. रानी को प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिला प्रशासन रानी सहित अन्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करता रहेगा।

      उल्लेखनीय है कि ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में स्थानीय बस्तियों को ब्राण्ड एम्बेसडर बनाए जाने की पहल का भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका गाँधी द्वारा भी प्रशंसा की गई थी। साथ ही ग्वालियर जिले का चयन देश के उन चुनिंदा 100 जिलों में किया गया, जिनमें इस अभियान के अंतर्गत बेहतर काम हो पा रहा है।

Share This News :