Homeराज्यो से ,
बुजुर्ग पर भड़के बुधनी SDM, लोगों में आक्रोश

बुधनी एसडीएम राधेश्याम बघेल का एक बुजुर्ग पर आग बबूला होने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मामला शुक्रवार को सामने आया था। जब लड़की से छेड़छाड़ के मामले में चकल्दी और रेहटी के लोग उन्हें ज्ञापन देने के लिए पहुंचे थे।लोगों का कहना है कि एसडीएम राधेश्याम बघेल ने उस दौरान बुजुर्ग के साथ अभद्रता की थी। इसके विरोध में शनिवार को बजरंग दल उग्र आंदोलन करने वाला था, लेकिन उसके पहले एसडीएम पर कठोर कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया। शनिवार को हिंदू संगठन के लोग विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, आरएसएस, रेहटी, चकल्दी के सामाजिक लोगों ने जिला कलेक्टर प्रवीण सिंह के नाम रेहटी तहसीलदार भूपेंद्र सिंह कंसालिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बुधनी एसडीएम राधेश्याम बघेल पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

यह है पूरा मामला
पूरा मामला इस प्रकार है कि पिछले दिनों एक युवती के साथ नहारखेड़ा के युवक अमन बादशाह ने छेड़छाड़ की। वह काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। शुक्रवार को जब क्षेत्र के लोग इस संबंध में रेहटी में आवेदन देने पहुंचे, तो बुधनी एसडीएम राधेश्याम बघेल ने बुजुर्ग जुगल किशोर सिसोदिया से अभद्रता की। जब लोगों ने और स्वयं बुजुर्ग ने इस बात का विरोध किया तो एसडीएम उनसे कहने लगे कि आप लोग ज्ञापन देने आए हैं या गुंडागर्दी करने आए हैं। लोगों ने बताया कि जबकि हम सभी सिर्फ अपनी बात रखने के लिए गए थे, ताकि आरोपी पर सख्त कार्रवाई हो सके।

एसडीएम का बुजुर्ग से बातचीत का वीडियो वायरल
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इससे बुजुर्ग जुगल किशोर सिसोदिया काफी आहत हैं। बुजुर्ग जुगल किशोर बुधनी जिले के आरएसएस के जिला संघ चालक रहे हैं। जुगल किशोर सिसोदिया का कहना है कि कर्मचारी काम के प्रेशर में आकर इस तरह का व्यवहार करें, तो समझ आता है।

एसडीएम एक जिम्मेदार पद है। वह इस तरह से व्यवहार करेंगे तो प्रशासनिक व्यवस्था किस तरह की होगी। एसडीएम का व्यवहार हमारे प्रति ऐसा था जैसे हम लोग ही अपराधी हों, जबकि हम पीड़िता के परिवार वालों के साथ शिकायत करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जन सामान्य के प्रति एसडीएम का रवैया खराब था, वे हमसे कह रहे थे कि हम गुंडागर्दी करने आए हैं।

 

Share This News :