Home > अपना शहर ,
"युवा दिवस'' पर जिले भर में हुआ सामूहिक सूर्य नमस्कार

जिला पंचायत अध्यक्ष, संभाग आयुक्त एवं कलेक्टर ने उत्कृष्ट विद्यालय में

किया सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम 

स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस 12 जनवरी को प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी “युवा दिवस” के रूप में मनाया जायेगा। इस दिन जिले की शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायतों तथा आश्रम शालाओं आदि में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। जिले का मुख्य समारोह जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य में 12 जनवरी को सुबह 9 बजे मुरार स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम में भाग लिया।

कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नीरज कुमार सिंह, एडीएम ग्वालियर श्री शिवराज वर्मा, संयुक्‍त संचालक लोक शिक्षण श्री शितांशु शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी उपस्थित थे।

युवा दिवस पर आकाशवाणी से प्रसारित हो रहे संदेश पर ग्वालियर में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणयाम का आयोजन हुआ। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम व उसके बाद स्वामी विवेकानंद की वाणी व मध्यप्रदेश गान के सामूहिक गायन से हुआ। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण भी हुआ। इसके बाद सूर्य नमस्कार के तीन चक्र हुए। सूर्य नमस्कार के पश्चात सामूहिक रूप से प्राणायाम भी कराये गए।

जिले के अन्य स्कूलों के बच्चों और युवाओं ने नई उर्जा और उत्साह के साथ विभिन्न विद्यालयों के प्रांगण में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।

संभाग आयुक्त ने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर किया माल्यार्पण

      संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने चेतकपुरी तिराहे पर स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सहित नगर निगम के पूर्व अपर आयुक्त श्री एम एल दौलतानी और भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

    

 

Share This News :