Homeराज्यो से ,
अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से मिलने के लिए मांगा समय, इस्तीफा देंगे

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से 17 सितंबर को मुलाकात के लिए समय मांगा है। माना जा रहा है कि 17 सितंबर को उपराज्यपाल से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके पहले 16 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राघव चड्ढा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर इस्तीफे के मुद्दे और इसके असर को लेकर विस्तृत चर्चा की। 16 सितंबर की शाम को ही आम आदमी पार्टी के पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक होने वाली है। इस बैठक में केजरीवाल के इस्तीफे और उसके बाद नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा की जाएगी। इस चर्चा में नए मुख्यमंत्री के नाम पर सबकी सहमति लिए जाने की चर्चा है। अभी जिन चेहरों को मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है, उनमें दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आतिशी मार्लेना और अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल सबसे आगे हैं। लेकिन कहा जा रहा है कि पार्टी किसी दलित चेहरे को आगे कर दलित मतदाताओं के बीच अपनी पैठ को ज्यादा मजबूत करने का काम कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो पार्टी अपने किसी दलित चेहरे को मुख्यमंत्री के रूप में आगे बढ़ा सकती है। ऐसे चेहरों में कुलदीप कुमार सहित कई नाम शामिल हैं। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे को केवल शराब घोटाले से लोगों का ध्या्न भटकाने की साजिश बताया है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी अपना चेहरा बदलकर एंटी इनकंबेंसी फैक्टर को कमजोर करना चाहती है, लेकिन दस साल के उनके शासन से जनता परेशान हो चुकी है और यही कारण है कि लोग अब दिल्ली में सरकार बदलने के लिए जल्द से जल्द चुनाव चाहते हैं।

Share This News :