Home > राज्यो से ,
बीएसपी ने भी मानी सोशल मीडिया की ताकत, सक्रिय हुए माया समर्थक

सिर्फ रैलियों और पारंपरिक प्रचार-प्रसार में विश्‍वास रखने वाली पार्टी बसपा भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गई है। उसे लगता है कि अगर इस प्‍लेटफॉर्म पर अपनी बात नहीं रखी गई तो उसके कोर वोटबैंक के युवा वर्ग पर भाजपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां सेंध लगा लेंगी। बीएसपी यूपी मिशन 2017 के नाम से फेसबुक पेज बनाकर  ‘बहन जी को आने दो’ शीर्षक से अलग-अलग मुद्दों पर लोगों तक बात पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। समाजवादी पार्टी पहले से ही प्रोफेशनल तरीके से सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव का प्रचार-प्रसार कर रही है।

बदलते दौर में मायावती के प्रचार का तरीका भी बदल रहा है। मायावती के समर्थक सोशल मीडिया पर उनके प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय हो गए हैं। बीजेपी और सपा की तरह प्रोफेशनल तरीके से वादों का ब्‍योरा देना शुरू कर दिया है। भाईचारा, कानून व्यवस्था ठीक करने के वादे के साथ बीजेपी और सपा पर चुटकी भी ली जा रही है। साथ ही मायावती की प्रेस कांफ्रेंस की वीडियो भी इस पर शेयर की जा रही है।

सेंटर फॉर द स्‍टडी ऑफ सोसायटी एंड पॉलिटिक्‍स के निदेशक प्रोफेसर एके वर्मा कहते हैं कि मायावती कभी इस तरफ नहीं देखती थीं। लेकिन अब बसपा को लग रहा है कि भाजपा और आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियों की एक बड़ी ताकत सोशल मीडिया है। जो दलित सोशल मीडिया पर हैं उनमें युवा वर्ग का बड़ी संख्‍या में वोट बीजेपी को गया है।

दलितों का पिछले कुछ वर्षों में काफी उभार हुआ है। उनमें जो युवा पढ़ने-लिखने लगे हैं वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। अब अगर उनकी मोबाइल स्‍क्रीन पर बीजेपी और मोदी ही दिखाई देंगे तो वह उसी से प्रभावित होंगे। मुझे लगता है कि यह बात अब मायावती भी समझ में आ गई है। इसलिए उनकी पार्टी ने अपने प्रचार रणनीति में इस माध्‍यम को भी जोड़ लिया है।

Share This News :