Home > अपना शहर ,
पात्रों को लाभान्वित कराने में लापरवाही बरत रहे जेडओ की करें डीई – कलेक्टर

नगर उदय अभियान की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश 

जिन जोनल ऑफीसर की लापरवाही की वजह से पात्र हितग्राही सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उनके खिलाफ विभागीय जाँच स्थापित करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने नगर उदय अभियान की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने कहा जनसंख्या के अनुपात में प्रावधानों के तहत सभी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

      बुधवार को यहाँ नगर निगम कार्यालय में आयोजित हुई बैठक में नगर‍ निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय श्री एस बी कबीरपंथी, नगर निगम के उप आयुक्त श्री गौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, हाथ ठेला व घरेलू कामकाजी महिलाओं, कर्मकार कल्याण मण्डल में पंजीकृत श्रमिकों को लाभान्वित कराने के लिये जोन के हिसाब से लक्ष्य निर्धारित करें। साथ ही इसकी नियमित रूप से समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि सभी जोनल अधिकारियों से इस आशय का लिखित में प्रमाण-पत्र लें कि उनके द्वारा अपने क्षेत्र के सभी पात्र हितग्राहियों को हितग्राही मूलक योजनाओं से जोड़ा जा चुका है। साथ ही इनके हस्ताक्षर युक्त हितग्राहियों की सूची भी ली जाए।

      समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि शहर में जिन-जिन स्थानों पर सुबह के समय काम की तलाश में श्रमिक खड़े होते हैं, उन सभी स्थानों पर विशेष शिविर लगायें। इन शिविरों के माध्यम से श्रमिकों का मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में पंजीयन करें। साथ ही श्रमिकों को योजनाओं का लाभ भी दिलायें।

      खासतौर पर इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह पेंशन और मानसिक व बहुविकलांग आर्थिक सहायता सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत नगर उदय अभियान के दौरान लाभान्वित कराए गए हितग्राहियों के बारे में कलेक्टर ने जानकारी ली। साथ ही राष्ट्रीय परिवार सहायाता योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, केश शिल्पी कल्याण, पथ विक्रेता कल्याण, हाथ ठेला व रिक्शा कल्याण, शहरी घरेलू कामकाजी महिलाओं के कल्याण की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा नगर उदय अभियान के दौरान बीपीएल व श्रमिक पंजीयन की स्थिति की समीक्षा भी कलेक्टर ने की।

      बैठक में बताया गया कि नगर उदय अभियान के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अन्य कल्याण्कारी योजनाओं के तहत ग्वालियर शहर में 4 हजार 733 नए हितग्राही लाभान्वित कराए जा चुके हैं।

Share This News :