Home > अपना शहर ,
आनंदम केन्द्रों के संचालन में सामाजिक सहभागिता जरूरी कलेक्टर ने की नागरिकों से अपील

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता की ऐसी वस्तुयें जो अब हमारे लिये अनुपयोगी हो गई हैं, लेकिन इसके उपयोग से किसी जरूरतमंद को मदद या सहयोग मिल सके। इसके लिये राज्य सरकार द्वारा “आनंदम” केन्द्रों की स्थापना की गई है। इनका संचालन सामाजिक सहभागिता से किया जायेगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व्यापारिक व धार्मिक संगठनों व स्वयंसेवियों से अपील की है कि मकर संक्रांति के अवसर पर सब लोग इस संदेश को घर-घर और व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुँचाकर पुनीत कार्य में सहभागी बनें और आनंद की अनुभूति करें।

      उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नागरिक अपने घरों पर उनके लिये अनुपयोगी हो चुकी घरेलू सामग्री, कपड़े, जूते, बच्चों के खिलौने, बर्तन आदि सामग्री स्वेच्छा से रखवा सकते हैं। इन केन्द्रों पर जरूरतमंद गरीब व्यक्ति जाकर अपने उपयोग की वस्तु ले जा सकेंगे।

इसी कड़ी में आनंद विभाग के नोडल अधिकारी एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि राज्य शासन के आनंदम संस्थान के अनुसार 14 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से ग्वालियर शहर स्थित रोडवेज बस स्टेण्ड के रेनबसेरा में कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें समाज के गरीब और जरूरतमंद तबके के लोगों को आमंत्रित किया गया है। वे इस कार्यक्रम में भागीदार बनें और अपनी आवश्यकता की वस्तुयें नि:शुल्क ले जा सकते हैं।

      श्री वर्मा ने बताया कि इस अभियान से स्वयंसेवी क्षेत्रों में काम करने वाले युवा भी आगे आने लगे हैं। जिनकी मदद से जिला प्रशासन ऐसे दानदाता जो आनंदम केन्द्र तक सामग्री नहीं पहुँचा सकते हैं, उनके घर से सामग्री का संकलन कर सकता है। इसके लिये सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले युवा श्री रोहित ताम्बे मोबा. नं. 7000678270  और गगन जाधव मोबा. नं. 9713299555 से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा अन्य संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से सहभागिता के लिये संपर्क भी किया जा रहा है।

आनंदम केन्द्र में मुख्यमंत्री करेंगे संबोधित

      मकर संक्रांति 14 जनवरी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का प्रात: 11 बजे से सीधा प्रसारण किया जायेगा। ग्वालियर रोडवेज बस स्टेण्ड पर आयोजित कार्यक्रम में सीधे प्रसारण की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। यह प्रसारण प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एक साथ होगा।

Share This News :