Homeराज्यो से ,
उत्तर प्रदेश पुलिस के हत्थे चढ़े एमपी के सात साइबर ठग, 40 लाख की धोखाधड़ी

उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस ने फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से पैसे ठगने वाले 7 युवकों को मध्यप्रदेश के गुना और अशोकनगर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि गुना जिले के राघौगढ़ थाना अंतर्गत कडिय़ा गांव में रहने वाले जितेंद्र अहिरवार और शहर की भार्गव कॉलोनी निवासी कमलेश किरार डिजिटल माध्यम से लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहे थे। आरोपियों ने फर्जी कंपनियों में निवेश करवाने और नौकरी दिलाने का लालच देकर लोगों से करीब 40 लाख रुपए की ठगी की थी। इनके खिलाफ दिसंबर 2023 में उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामले की छानबीन के दौरान साइबर पुलिस को ठगी के तार मध्यप्रदेश के गुना जिले से जुड़े हुए मिले। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार गुना पुलिस के संपर्क में रही, जिसके परिणामस्वरूप गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू हुआ और अब तक 7 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 6 युवक गुना के और 1 युवक अशोकनगर जिले का रहने वाला है।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 48 एटीएम कार्ड, 7 चेकबुक, 2 पासबुक, और 33 फर्जी कार्ड भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को उत्तर प्रदेश पुलिस वाराणसी ले गई है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

Share This News :