जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव : आज 10 जिलों के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे राहुल गांधी, खरगे रहेंगे साथ
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बुधवार को जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। पार्टी के कई सीनियर नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। बता दें कि काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता एयरपोर्ट के बाहर हाथों में पार्टी के झंडे लेकर उनके स्वागत में खड़े दिखे।कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि दोनों नेता 18 सितंबर से शुरू होने वाले तीन चरण के विधानसभा चुनावों के संबंध में महत्वपूर्ण बैठकों के लिए दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को दोनों नेताओं की कोई आधिकारिक बैठक निर्धारित नहीं है। दोनों बृहस्पतिवार को कश्मीर घाटी के 10 जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक बैठकें करेंगे।राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, जिनमें काफी महिलाएं भी शामिल थी, एयरपोर्ट के बाहर कई मीटर तक लंबी कतारों में दिखाई दिए। इनमें राहुल गांधी की एक झलक देखने की चाह थी। ऐसे में जैसे ही राहुल का काफिला एयरपोर्ट से बाहर निकला तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को कांग्रेस समर्थकों को नियंत्रण में करने के लिए चुनौती भरी स्थिति का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं समर्थकों ने राहुल की गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी की। इस बीच राहुल गांधी के सुरक्षागार्ड गाड़ी से उतरे और समर्थकों को पीछे कर उनको वहां से निकाला।