MP : भाजपा -सांसद और विधायक को सदस्यता कराने का इतना लक्ष्य दिया
भोपाल। भाजपा ने प्रदेश में डेढ़ करोड़ लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए हर स्तर पर जनप्रतिनिधियों को सदस्य संख्या का लक्ष्य दिया गया है। सांसद को 25 हजार, विधायक को 15 हजार, जिला पंचायत अध्यक्ष और महापौर को 10 हजार, जनपद अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य को पांच हजार लोगों को जोड़ना होगा।
लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के पहले उन्हें पार्टी का गौरवशाली इतिहास बताया जाएगा। एक सितंबर से तीन चरणों में अभियान चलेगा। पहला चरण एक से 25 सितंबर, दूसरा एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर और इसके बाद 15 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा।
संसदीय बोर्ड के सदस्य डा. सत्यनारायण जटिया, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक, दुर्गादास उइके, सावित्री ठाकुर, जार्ज कुरियन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय के अलावा सभी विधायक, सांसद, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष आदि प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की लगभग 11 ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां आजादी के बाद से हम कभी नहीं जीते। ऐसे क्षेत्रों में संगठन मजबूत कर जीत हासिल करना है। सरकार अपना काम रही है, पर सामाजिक सरकारों के साथ भी हमें जुड़ना है। सदस्यता अभियान से हर जगह पहुंचना है।
राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सदस्यता की प्रक्रिया का प्रेजेंटेशन देते हुए कहा कि कांग्रेस हर बात का नकारात्मक विरोध करती है, भ्रम फैलाती है। इसकी वजह यह है कि कांग्रेस और 'आईएनडीआईए" के पास अपनी कोई नीति नहीं है।उन्होंने कहा कि देशभर में हमारे अनुकूल माहौल बना है। अभियान के प्रभारी और प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने बताया कि 22, 23 और 24 अगस्त को जिलों की, 25, 26 और 27 अगस्त को मंडल स्तर की और 28 और 29 अगस्त को शक्ति केंद्र स्तर की सदस्यता कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।