जॉर्ज कुरियन भोपाल पहुंचे, सीएम मोहन यादव से की मुलाकात
राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। मप्र में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई रिक्त हुई सीट के लिए केरल के जॉर्ज कुरियन आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। एक दिन पहले मंगलवार को भाजपा ने अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के साथ मप्र से कुरियन के नाम की घोषणा घोषणा की थी। कुरियन केंद्रीय राज्यमंत्री हैं।जॉर्ज कुरियन आज सुबह एयर इंडिया की नियमित फ्लाइट से भोपाल पहुंचे। राजा भोज एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वीडी शर्मा के साथ कुरियन मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलने सीएम हाउस पहुंचे। दोपहर 12 बजे के करीब वे नामांकन दाखिल करने विधानसभा जाएंगे। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।
तय है निर्वाचन
गौरतलब है कि कि मप्र विधानसभा में दलीय स्थिति के आधार पर इस सीट से भाजपा उम्मीदवार का चुना जाना निश्चित है। इसी कारण कांग्रेस ने अभी तक किसी को नहीं उतारा है। पूरी संभावना है कि वह निर्विरोध राज्य सभा में पहुंच जाएंगे।
इसलिए बनी उपचुनाव की स्थिति
गौरतलब है कि पिछले आम चुनाव में गुना लोकसभा सीट से चुने जाने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य सभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। लिहाजा इस सीट पर उनके बचे हुए कार्यकाल के लिए उप चुनाव हो रहा है। कुरियन को अप्रैल 2026 तक का कार्यकाल मिलेगा। वह दक्षिण भारत से एल मुरुगन के बाद दूसरे ऐसे नेता हैं, जिन्हें मप्र से राज्य सभा में भेजा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस सीट के लिए प्रदेश के कई भाजपा नेताओं का नाम भी चल रहा था। अगर चुनाव की नौबत आती है तो मतदान और मतगणना तीन सितंबर को होगी।