Home > अपना शहर ,
कूल्हे के फ्रैक्चर से पीड़ित रम्मोबाई का इलाज अब सुचारू रूप से होगा जन-सुनवाई ने दिया सहारा

फिसलकर गिरने से कूल्हे में आए फ्रैक्चर का दर्द झेल रही वृद्ध महिला रम्मोबाई का अब सुचारू रूप से इलाज हो सकेगा। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में उन्हें सहारा मिला है। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जिला बीमारी सहायता योजना से रम्मोबाई के इलाज के लिये आर्थिक सहायता मंजूर करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं।

      मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में गल्ला कोठार ठाठीपुर निवासी श्रीमती रम्मोबाई मदद की आस में पुहुँचीं थीं। जन-सुनवाई उनकी उम्मीदों पर खरी उतरी। कलेक्टर डॉ. गोयल ने इसी तरह ग्राम खडबई डबरा से आईं कैंसर पीड़ित मुन्नी देवी के इलाज के लिये भी राज्य बीमारी सहायता निधि से आर्थिक सहायता मंजूर करने के निर्देश दिए हैं।

      नूरगंज ग्वालियर से जन-सुनवाई में पहुँचीं श्रीमती मदीना बेगम के पति के इलाज के लिये भी इसी योजना से मदद दी जायेगी। मदीना ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कलेक्टर से गुहार लगाई थी कि मेरे पति मानसिक रोग से पीड़ित हैं। परिवार के आर्थिक हालात ठीक न होने से हम उनका इलाज नहीं करा पा रहे हैं।

      कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार कुल 235 फरियादी पहुँचे। कलेक्टर डॉ. गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह व अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

जन-सुनवाई में देर से पहुँचे अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जन-सुनवाई में देर से पहुँचने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई है। जन-सुनवाई के लिये निर्धारित समय प्रात: 11 बजे के बाद विभिन्न विभागों के लगभग आधा दर्जन अधिकारी व कर्मचारी देर से पहुँचे थे। डॉ. गोयल ने इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को आगाह किया है कि जन-सुनवाई में अधिकारी प्रात: 11 बजे से पहले पहुँचना सुनिश्चित करें।

Share This News :