Homeराज्यो से ,
स्वास्थ्य मंत्री ने की फोर्डा प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक, मांगों पर बनी सहमति; हड़ताल खत्म

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर की हत्या के बाद पूरे देश में सुरक्षा और संरक्षा की मांग को लेकर चल रही डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार शाम को फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन  के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इसमें तमाम मांगों को लेकर सहमति बनी।केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविरल माथुर ने कहा कि हमने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की और अपनी मांगें रखीं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह डॉक्टरों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण को लेकर पहल करेंगे। जल्द ही हमारी मांगों को पूरा किया जाएगा। हम इसका हिस्सा होंगे। हमारी सभी मांगें मान ली गई हैं। इसलिए फोर्डा ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है।

बता दें कि फोर्डा ने केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी। फोर्डा ने केंद्रीय गृहमंत्री को पांच मांगों को लेकर पत्र लिखा था। इसमें पहली मांग रेजीडेंट डॉक्टरों को सुविधा देने की है। दूसरी मांग आरजी कर मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारियों का इस्तीफा लिया जाए। इसमें प्रिंसिपल, एमएसवीपी, डीन, पल्मोनरी मेडिसिन के एचओडी, आरजी कर के एमसी एंड एच पुलिस चौकी के एसीपी शामिल हैं। क्योंकि ये सभी ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर की गरिमा की रक्षा नहीं कर सके। डॉक्टरों ने तीसरी मांग की है कि डॉक्टरों के साथ पुलिस क्रूरता बंद की जाए। चौथी मांग मृतका को त्वरित न्याय दिलाया जाए। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल और विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाए।


फोर्डा इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अविरल माथुर ने कहा था कि हर किसी को घटना की निंदा करनी चाहिए। हमने देशव्यापी हड़ताल के लिए फोर्डा के तहत एक नोटिस जारी किया था। हमने कुछ मांगें की थीं। जब हमारी मांगें पूरी हो जाएंगी तो हम हड़ताल खत्म कर देंगे। लेकिन अब तक हमारी मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया। इसलिए हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते कि मरीजों को परेशानी हो। मरीजों की सुविधा के लिए आपातकालीन सेवाएं जारी हैं।

 

Share This News :