बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, भोपाल संभाग आयुक्त और ग्वालियर नगर निगम आयुक्त के साथ कई कलेक्टर बदले गए
भोपाल। हर बार की तरह मध्य प्रदेश में देर रात के बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई। इसमें अनेक आईएएस अधिकारी बदले गए। भोपाल संभाग आयुक्त के साथ शहडोल, मंडला, राजगढ़, विदिशा, बालाघाट,डिंडौरी, अनूपपुर और नीमच के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। ग्वालियर निगम आयुक्त को भी बदल दिया गया है। सरकार ने 25 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।
आधी रात के बाद किए गए तबादले में सचिन सिन्हा को राजस्व मंडल ग्वालियर का प्रशासकीय सदस्य बनाया गया है। संजीव कुमार झा अब प्रमुख सचिव होंगे।उमाकांत उमराव को अब श्रम विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। सोनाली वायंगणकर को सामाजिक न्याय और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन एप्को भोपाल के कार्यपालन संचालक संजीव सिंह अब भोपाल संभाग के आयुक्त होंगे। मदन विभीषण नागरगोजे को राजस्व मंडल ग्वालियर का सदस्य बनाया गया है। अजय गुप्ता अब किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संचालक होंगे।
