Homeराज्यो से ,
आज 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट, हिमाचल प्रदेश में 135 से अधिक सड़कें बंद

पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान से आफत की बारिश जारी है। सबसे तगड़ी मार पहाड़ी राज्यों पर पड़ रही है। मूसलाधार बारिश के चलते शनिवार को उत्तराखंड के चमोली जिले में जगह-जगह भूस्खलन हुआ और इसके परिणामस्वरूप बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और बड़ी संख्या में लोग जहां-तहां फंस गए। वहीं, हिमाचल में भूस्खलन और औचक बाढ़ के चलते 135 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वोत्तर सातों राज्यों समेत देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।गोपेश्वर स्थित चमोली जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने कहा कि शनिवार को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भूस्खलन हुआ। कमेडा, नंदप्रयाग और चिंका में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरा। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग से मलबा हटाने का काम चल रहा है, लेकिन यह कब तक पूरा हो पाएगा, इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा गया है। इस समय चारधाम यात्रा चल रही है। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रास्ते में फंसे होने की आशंका है। हालांकि, आपदा प्रबंधन कार्यालय की तरफ से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है।

घरों और दुकानों में घुसा पानी
ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश में शनिवार को शिमला, धर्मशाला, बिलासपुर, हमीरपुर में बारिश हुई। सिरमौर के नाहन में सबसे अधिक 168.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के चलते नाहन के अमरपुर मोहल्ला में घरों व दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। क्षेत्र की कुंडीया पंचायत में कई बीघा उपजाऊ भूमि बारिश के चलते बह गई है।

Share This News :