24 राज्यों में बारिश और ओडिशा के 10 जिलों में बाढ़ की चेतावनी; हिमाचल में भूस्खलन, 128 सड़कें बंद
मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाएं थम नहीं रहीं। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शुक्रवार को पहाड़ से गिरे पत्थर की चपेट में एक युवक की मौत हो गई। दो राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 128 सड़कों पर यातायात ठप रहा। वहीं, पंजाब और हरियाणा समेत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में अगले सात दिन भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।मंडी में औट पुलिस थाना के तहत मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर हणोगी पुल के पास बस का इंतजार कर रहे युवक की पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नेपाल मूल का यह युवक अपने दोस्त के साथ हणोगी आया था। वापस कुल्लू जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। उसकी पहचान शमशानी (25) के रूप में हुई है। भूस्खलन के कारण शिमला-किन्नौर एनएच 20 घंटे और चंडीगढ़-मंडी एनएच 13 घंटे रहा बंद रहा। रात भर लोग गाड़ियों में ही फंसे रहे। शुक्रवार सुबह एनएच यातायात के लिए एकतरफा बहाल किया गया। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 128 सड़कें, 44 बिजली ट्रांसफार्मर और 67 पेयजल योजनाएं ठप रहे।हिमाचल प्रदेश में 31 जुलाई की रात को श्रीखंड महादेव की पहाड़ियों पर बादल फटने से समेज और कुर्पण खड्ड में आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या 28 हो गई है। शुक्रवार को शिमला जिले में छह और शव बरामद किए गए। अभी 30 से अधिक लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सुन्नी बांध स्थल में भी चार लोगों के शव बरामद हुए हैं।