Home > अपना शहर ,
जिले में 14 से 21 जनवरी तक आनंद उत्सव के तहत होंगीं विभिन्न प्रतियोगितायें

जिला स्तर पर 30 जनवरी को मेले में होगा समापन समारोह 

प्रदेश में बनाए गए आनंद मंत्रालय के निर्देशानुसार सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी 14 जनवरी से 21 जनवरी तक ग्राम पंचायतों में आनंद उत्सव का आयोजन किया जायेगा। जिले की 256 ग्राम पंचायतों को समूह में बांटकर कुल 85 स्थानों पर आनंद उत्सव का आयोजन किया जायेगा। आनंद उत्सव के दौरान ग्राम पंचायतों में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रतियोगितायें भी आयोजित की जायेंगी।  30 जनवरी को आनंद उत्सव के समापन अवसर पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय पर किया जायेगा। समापन समारोह ग्वालियर व्यापार मेले के फैसिलिटेशन सेंटर में होगा। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जायेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिला प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र के साथ शील्ड भी प्रदान की जायेगी।

      अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी आनंद उत्सव श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि 14 से 21 जनवरी तक आयोजित होने वाले आनंद उत्सव के लिये अनुविभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम समन्वयक नियुक्त कर कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत को आयोजन हेतु 15 – 15 हजार रूपए की राशि भी आवंटित की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, बॉलीबॉल, रस्साकसी, साइकिल रेस आदि की प्रतियोगितायें होंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीत भजन आदि की प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता पहले ग्राम पंचायत स्तर पर फिर ब्लॉक स्तर पर और उसके बाद जिला स्तर पर होंगी।

      श्री वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में 50 वर्ष से अधिक आयु वाले समूह को भी विशेष रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। प्रतियोगिताओं को और रोचक बनाने के लिये अधिक से अधिक सहयोग लिया जायेगा। प्रतियोगिताओं में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के लिये सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्यों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराये जाने के साथ ही उन्हें कार्यक्रम में उपस्थित होने का आमंत्रण भी दिया जा रहा है।

      नोडल अधिकारी श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित होने वाले आनंद महोत्सव के समापन समारोह में महिलाओं को दी जाने वाली शील्ड जनभागीदारी से दी जाना है। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राकेश जादौन ने 200 शील्ड प्रदान की हैं। इसके साथ ही अन्य संस्थाओं और इच्छुक व्यक्ति भी जन भागीदारी से शील्ड प्रदान कर सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति नोडल अधिकारी से संपर्क कर अपनी सहमति प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि आनंद मंत्रालय के निर्देशानुसार ग्वालियर में “अर्पणम आनंद” केन्द्र की स्थापना भी की गई है। यह केन्द्र ग्वालियर मुख्यालय पर बस स्टेण्ड परिसर में नगर निगम की ओर से संचालित रेन बसेरा में प्रारंभ किया गया है। इस केन्द्र के माध्यम से जरूरतमंदों को मदद की जा रही है। जिले के लोगों से आग्रह है कि इस केन्द्र के माध्यम से जरूरतमंदों को जरूरत की वस्तुओं का वितरण प्रारंभ किया गया है। इच्छुक व्यक्ति इस केन्द्र में अनुपयोगी वस्तुयें जिनका उनके लिये उपयोग न हो परंतु जरूरतमंदों के उपयोग की है। जैसे कपड़े, खिलौने, बर्तन, बाल्टी, मग्गा, गरम कपड़े, दवायें, किताबें, जूते आदि इस केन्द्र में दें, ताकि जरूरतमंदों को इसका वितरण किया जा सके। श्री वर्मा ने शहरवासियों से आनंदक के रूप में अपना रजिस्ट्रेशन कराने का भी आग्रह किया है।

Share This News :