Home > अपना शहर ,
सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन 12 जनवरी को तैयारियों की हुई समीक्षा

स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस 12 जनवरी को प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी “युवा दिवस” के रूप में मनाया जायेगा। इस दिन जिले की शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायतों तथा आश्रम शालाओं आदि में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन होगा। अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने सोमवार को स्कूल शिक्षा विभाग, अधिकारियों, सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर सामूहिक सूर्य नमस्कार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम 12 जनवरी को प्रात: 9 बजे से 10.15 बजे के मध्य आयोजित किए जाने के निर्देश सभी संस्था प्रमुखों को दिए गए हैं। यह कार्यक्रम पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और इसमें पहली से लेकर पाँचवीं कक्षा तक के बच्चे शामिल नहीं होंगे। जिले का मुख्य समारोह शासकीय उत्कृष्ट उ. मा. विद्यालय मुरार में आयोजित होगा।

            अपर कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए कि सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विद्यालयों में साफ-सफाई, मंच, छात्र-छात्राओं के लिये कार्पेट, फर्स या टाटपट्टी की व्यवस्था, संदेश प्रसारण के लिये माइक ट्रांजिस्टर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों मसलन मंत्रीगण, सांसद व विधायकगण, महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं पार्षदगण, जिला पंचायत के सदसय, ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच व अन्य विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी स्थान-स्थान पर आमंत्रित किया जाए।

      बैठक में बताया गया कि जिले में सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं योग कराने के लिये लगभग दो हजार शिक्षकों को पहले से ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। जो शिक्षक या अन्य कोई व्यक्ति इसका प्रशिक्षण लेना चाहता है वह शिक्षा नगर स्थित मल्टी परपज हॉल में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा विवेकानंद नीडम के सचिव श्री अजीत कुमार गुप्ता से मोबाइल फोन नं. 9917103699 पर संपर्क कर यहाँ भी प्रशिक्षण प्राप्त किया जा सकता है।

प्रात: 9 बजे से शुरू होंगा आयोजन

सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम प्रात: 9 बजे से विद्यार्थियों के मैदान में एकीकरण व पंक्तिबद्ध स्थान लेने के साथ प्रारंभ होंगे। इसके बाद आकाशवाणी से मिल रहे संकेतों के अनुसार राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन व मध्यप्रदेश गान होगा। इसी कड़ी में स्वामी विवेकानंद की वाणी व मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण होगा। इसके पश्चात सूर्य नमस्कार व प्राणायाम का कार्यक्रम होगा। प्रात: 10.30 बजे इस आयोजन का समापन होगा।

 

Share This News :