Homeराज्यो से ,slider news,
मोची की दुकान पर राहुल ने सिली चप्पल

सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय से लखनऊ जाते समय शुक्रवार को अचानक राहुल गांधी का काफिला गुप्तारगंज  के रामचेत मोची की दुकान पर रुका। लोग जब तक कुछ समझ पाते, राहुल दुकान में जा बैठे और रामचेत से बातचीत करने लगे। इस दौरान राहुल गांधी ने जूते-चप्पल की सिलाई भी की। उनसे काम में आने वाली दिक्कतों को भी जाना। आश्वासन दिया कि हम आपकी आवाज बनेंगे।राहुल गांधी ने पूछा कि परिवार कैसे चलता है? रामचेत ने कहा कि दुकान से कभी 100 तो कभी 50 रुपये मिल जाते हैं। जवाब सुनकर राहुल सोच में पड़ गए और पूछा कि इतनी कम कमाई में परिवार का गुजारा कैसे करते हैं? रामचेत ने राहुल को काम की बारीकियों से अवगत कराया और कहा कि घर की माली हालत बहुत खराब है। कुछ आर्थिक मदद हो जाय तो नया व्यवसाय शुरू कर दूं। इस काम में स्वाभिमान नहीं है। लोग हेय दृष्टि से देखते हैं। यही कारण है कि बेटे को इस काम से दूर रखा है। राहुल गांधी ने दिलासा देते हुए कहा कि सबकी आवाज मैं उठाऊंगा।दुकान में बैठे राहुल ने चप्पल व जूते की सिलाई का तरीका पूछते ही एक चप्पल उठा ली और उसे सिलने लगे। राहुल का यह अंदाज देख सभी दंग रह गए। करीब पांच मिनट तक राहुल दुकान में रहे और जूते-चप्पल बनाने की बारीकियों को समझते रहे। इस दौरान उन्होंने ठंडा मंगाकर रामचेत और उसके परिवार को पिलाया। परिवार के साथ फोटो खिंचवाई और खुद भी सेल्फी ली। राहुल के जाने के बाद रामचेत ने बताया कि हमारे काम को लोग नीचा समझते हैं, लेकिन राहुल गांधी ने आकर सम्मान बढ़ाने का कार्य किया। ऐसा किसी और नेता ने अब तक नहीं किया। उनसे बातकर लगा कि गरीबों की आवाज सुनने वाला नेता देश में है।

 

 

 
 
 
 
 

Share This News :