काठमांडू विमान क्रैश के 18 मृतकों में तीन एक ही परिवार के
काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए प्लेन क्रैश हादसे में एक परिवार की खुशियां खाक हो गईं। हादसे में विमान में सवार एक दंपती और उनके चार साल के बेटे की मौत हो गई। तीनों खुशी-खुशी काठमांडू से पोखरा जा रहे थे। काठमांडू में बुधवार सुबह उड़ान भरने के दौरान एक निजी एयरलाइन कंपनी सौर्य एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 19 लोग सवार थे। इनमें 18 लोगों की मौत हो गई। विमान पोखरा जा रहा था और सुबह करीब 11 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एयरलाइन के एक टेक्नीशियन मनु राज शर्मा, उनकी पत्नी प्रिजा खातीवाड़ा और उनके चार वर्षीय बेटे आदि राज शर्मा की मौत हो गई। बताया जाता है कि प्रिजा ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्रालय में सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर रह चुकी हैं। सौर्य एयरलाइंस की ओर से बताया गया कि प्रिजा और उनके बेटे की पहचान पहले कंपनी के कर्मचारियों के रूप में की गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि वे यात्री थे। हादसे में 15 लोगों की की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा था। दुर्घटना में एयरलाइन स्टाफ एक यमनी नागरिक की भी मौत हो गई।