BSF एकेडमी टेकनपुर से गायब दोनों महिला इंस्ट्रक्टर बांग्लादेश बॉर्डर पर मिलीं, जानें क्या है मामला
सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टेकनपुर स्थित ट्रेनिंग एकेडमी से 36 दिन पहले अचानक और संदिग्ध ढंग से गायब हुईं दो महिला प्रशिक्षकों का पता लग गया है। दोनों बांग्लादेश की सीमा पर मिली हैं। ये दोनों 36 दिन पहले अचानक ड्यूटी से बिना बताए लापता हो गईं थीं। इनमें से एक प्रशिक्षक की मां ने दूसरी प्रशिक्षक के खिलाफ बिलौआ थाने में किडनैपिंग का मामला भी दर्ज कराया था। तब से बीएसएफ, ग्वालियर पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार इनकी खोजबीन में जुटी थीं। ग्वालियर एसपी ने इनके मिलने की पुष्टि की। पुलिस की टीम और बीएसएफ की संयुक्त टीम को साझा ऑपरेशन के जरिये इन तक पहुंचने में सफलता मिलने की खबर है। अभी बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के अधिकारी और खुफिया एजेंसी ही इनसे पूछताछ कर रही हैं। ग्वालियर पुलिस की टीम ने भी पूछताछ की है। यह भी बताया गया कि दोनों स्वयं ही पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बीएसएफ के कैम्प ऑफिस में पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि वे अपनी मर्जी से गई थीं। इनसे वहीं अभी पूछताछ चल रही है। यहां से गई टीम अभी इनको लेकर ग्वालियर के लिए रवाना नहीं हुई है। सूत्रों की मानें तो शनिवार तक टीम इन्हें ग्वालियर के लिए लेकर आ सकती है।