Home > अपना शहर ,
दीनदयालनगर क्षेत्र के विकास के लिये विशेष कार्ययोजना – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने किया जन संवाद 

दीनदयालनगर, बीएसएफ कॉलोनी व शताब्दीपुरम सहित वार्ड – 18 की सभी बस्तियों की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिये विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निगम की मौलिक निधि के अलावा शासन स्तर से भी दीनदयालनगर क्षेत्र के विकास के लिये अतिरिक्त धनराशि मंजूर कराई गई है। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही। दीनदयालनगर के मंगलभवन में रविवार को श्रीमती माया सिंह जनसंवाद करने पहुँचीं थीं।

      नगरीय विकास मंत्री ने जनसंवाद में एक-एक कर इस क्षेत्र के निवासियों की समस्यायें व कठिनाईयाँ सुनीं। उन्होंने दीनदयालनगर सहित अन्य बस्तियों के निवासियों को भरोसा दिलाया कि चरणबद्ध ढंग से इस क्षेत्र की सभी सड़कें बनवाई जायेंगी। उन्होंने कहा दीनदयालनगर के गेट नं.2 से लेकर दीनदयाल के आखिर तक फोरलेन पक्की सड़क का एस्टीमेट तैयार हो गया है। इसी तरह इस क्षेत्र की अन्य सड़कों के प्राक्कलन तैयार करा लिये गये हैं। इनमें से बहुत सी सड़कें मंजूर भी हो गई हैं। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि अमृत योजना के तहत हर बस्ती की सीवर व पेयजल संबंधी समस्या का स्थायी समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर के सबसे बड़े वार्ड-18 के सुनियोजित विकास के लिये शासन स्तर से अलग से धनराशि मंजूर कराई गई है। नगरीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड व विद्युत से संबंधित समस्याओं का समाधान भी कराया।

      कार्यक्रम में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, क्षेत्रीय पार्षद श्री जबर सिंह व श्री धर्मेन्द्र राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। ग्वालियर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुरेश कुमार शर्मा, नगर निगम के अधीक्षण यंत्री श्री प्रदीप चतुर्वेदी तथा हाउसिंग बोर्ड, विद्युत वितरण कंपनी व जीडीए के अधिकारी भी जनसंवाद के दौरान उपस्थित रहे।

  

Share This News :