Homeराज्यो से ,slider news,
CM मोहन बोले- बजट की थीम- 'विकसित भारत-विकसित मध्य प्रदेश', नहीं लगाया कोई टैक्स

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार तीन लाख 60 हजार करोड़ से अधिक की राशि का बजट पेश किया गया है। इसमें कोई नया टैक्स नहीं लगाया है। किसी भी विभाग की राशि को कम नहीं किया है। सभी विभागों की राशि बढ़ाई है। "विकसित भारत-विकसित मध्य प्रदेश" की थीम पर पेश किए गए बजट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपेक्षा अनुसार जीडीपी की ग्रोथ को सुनिश्चित किया गया है। अगले पांच साल में बजट का आकार दोगुना किया जाएगा। मध्य प्रदेश विधानसभा में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला पूर्ण बजट प्रस्तुत किया। इस पर विधानसभा स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान डॉ. यादव ने कहा कि बजट में सभी वर्गों विशेषकर युवा, गरीब, महिला, किसान आदि का ध्यान रखा गया है। आईटी सहित नवीन तकनीक के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रशासनिक सेवाओं में प्रदेश के युवा अधिक से अधिक संख्या में आए, इस उद्देश्य से उन्हें प्रोत्साहन व प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विद्यार्थी छात्रावासों में अध्ययनरत हैं, उनके लिए भी बजट में विशेष व्यवस्था की गई है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन के प्रोत्साहन के लिए बजट में पर्याप्त धन राशि की व्यवस्था की गई है। गौ-शालाओं के लिए भी पर्याप्त राशि है। औद्योगिक विकास का बजट 40 प्रतिशत बढ़ाया है। भारी उद्योग, एमएसएमई और कुटीर उद्योग सहित स्व-सहायता समूह के लिए भी बड़ी राशि रखी है। स्थायी प्रकृति के निर्माण कार्य जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़क, एक्सप्रेस-वे पर विशेष ध्यान होगा। महाकौशल, चंबल, विंध्य, मालवा, आदि की सीधी कनेक्टिविटी राजधानी से जुड़े, इस उद्देश्य से पर्याप्त व्यवस्था करते हुए वित्तीय तरलता का प्रावधान किया गया है। 

 

 

 
 
 
 
 

Share This News :