सैनिक स्कूल के दो दोस्तों ने संभाला मोर्चा, एक बना थलसेना अध्यक्ष, दूसरा नौसेना का प्रमुख - दोनों एमपी के
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रविवार को 30वें सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे आज ही सेवानिवृत्त हुए हैं। चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर व्यापक ऑपरेशनल अनुभव रखने वाले जनरल द्विवेदी इससे पहले सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी का जन्म 1 जुलाई 1964 को हुआ था। उन्हें 15 दिसंबर, 1984 को भारतीय सेना की इन्फैंट्री जम्मू और कश्मीर राइफल्स में कमीशन मिला था। उन्हें करीब 40 साल का अनुभव है। अपनी लंबी और विशिष्ट सेवा के दौरान उन्होंने कई कमांड, स्टाफ और इंस्ट्रक्शनल में काम किया है। लेफ्टिनेंट उपेंद्र द्विवेदी की कमांड नियुक्तियों में रेजिमेंट 18 जम्मू और कश्मीर राइफल्स, ब्रिगेड 26 सेक्टर असम राइफल्स, आईजी, असम राइफल्स (पूर्व) और 9 कोर की कमान शामिल हैं।लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सेना के उप प्रमुख के रूप में नियुक्त होने से पहले 2022-2024 तक महानिदेशक इन्फैंट्री और जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (मुख्यालय उत्तरी कमान) सहित कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। जनरल द्विवेदी ने 13 लाख कर्मियों वाली सेना का प्रभार ऐसे समय संभाला है, जब भारत चीन से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) सहित विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है।
बता दें कि उपेंद्र द्विवेदी की शुरूआती पढ़ाई-लिखाई रायपुर छत्तीसगढ़ में हुई, लेकिन 5वीं क्लास के बाद उनका एडमिशन मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सैनिक स्कूल में हो गया. यहां पर उन्होंने वर्ष 1973 से 1981 तक 12वीं तक की पढ़ाई की. इसी क्लास में उनके साथ दिनेश कुमार त्रिपाठी भी रहे. एक साथ सैनिक स्कूल में पांचवी से बारहवीं तक की पढ़ाई के बाद दिनेश त्रिपाठी का सेलेक्शन नौसेना में हो गया और उपेंद्र द्विवेदी का थल सेना में.
यूएस आर्मी कॉलेज से भी की है पढ़ाई
1 जुलाई 1964 को जन्में लेफ्टिनेंट उपेंद्र द्विवेदी ने एनडीए में सेलेक्शन के बाद भी अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ी. उन्होंने नेशनल डिफेंस कॉलेज और यूएस आर्मी वॉर कॉलेज से भी पढ़ाई की. द्विवेदी ने डीएसएससी वेलिंगटन और आर्मी वॉर कॉलेज (महू) से भी कोर्स किया है. इतना ही नहीं उपेंद्र द्विवेदी को यूएसएडब्ल्यूसी, कार्लिस्ले, अमेरिका में प्रतिष्ठित एनडीसी समकक्ष पाठ्यक्रम में ‘विशिष्ट फेलो’ से भी सम्मानित किया गया है. उन्होंने रक्षा और प्रबंधन अध्ययन में एम फिल, सामरिक अध्ययन और सैन्य विज्ञान में मास्टर डिग्री भी की है.
कहां के रहने वाले हैं दोनों दोस्त
थल सेना प्रमुख बनने जा रहे उपेंद्र द्विवेदी, जहां रीवा जिले के गढ़ उड़िया गांव के निवासी हैं, वहीं नौसेना अध्यक्ष दिनेश त्रिपाठी सतना के रहने वाले हैं. उपेंद्र द्विवेदी का अब रीवा शहर में मकान है.