Home > खेल ,
जायसवाल को मिलेगा मौका? भारत के पास इंग्लैंड से बदला लेने का अवसर, जानें प्लेइंग 11

वेस्टइंडीज और अमेरिका की सह-मेजबानी में जारी टी20 विश्व कप 2024 अब अपने चरम की तरफ बढ़ रहा है। सुपर-8 के मुकाबले खत्म हो चुके हैं और अब 27 जून को सेमीफाइनल के मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच भारतीय समयानुसार सुबह छह बजे से खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच रात आठ बजे भारत और इंग्लैंड के बीच प्रोविंडेंस में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम के पास इंग्लैंड से बदला लेने का सुनहरा मौका है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर रही है और उसने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय चल रही है और उसने ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ में भी शीर्ष पर रहकर इस चरण का समापन किया। दूसरी तरफ, इंग्लैंड ने अमेरिका को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। इससे पहले भी 2022 में दोनों टीमों का सामना अंतिम चार में हुआ था जहां इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही थी।

नॉकआउट मैच में भारतीय टीम एक बार फिर रोहित शर्मा की अगुवाई में जोस बटलर की सेना का सामना करती नजर आएगी। टी20 क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच 23 बार भिड़ंत हुई है जिसमें भारत का पलड़ा भारी है। टीम इंडिया को 12 मैचों में जीत मिली है जबकि इंग्लैंड ने 11 मुकाबलों में जीत का स्वाद चखा है। वहीं, टी20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड का भारत से चार बार आमना-सामना हुआ है। दोनों ही टीमों ने दो-दो मैच जीते हैं। 
इस मुकाबले में भारत को एक बार फिर रोहित शर्मा से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका बल्ला जमकर गरजा था। उन्होंने 92 रनों की तूफानी पारी खेलकर स्टार्क और पैट कमिंस की धज्जियां उड़ा दी थीं। आगामी मुकाबले में भी उनसे इस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद है। रोहित का साथ विराट कोहली देते हुए नजर आएंगे। हालांकि, स्टार बल्लेबाज की फॉर्म चिंता का विषय है। मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक वह सिर्फ 66 रन बना पाए हैं। इस स्थिति में एक बार फिर यशस्वी जायसवाल को बाहर बैठना पड़ सकता है। उन्हें अब तक प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाया गया है। 
स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव का होना तय है। तीनों ही गेंदबाजों ने अपनी घातक गेंदबाजी से वेस्टइंडीज कि पिचों पर खास प्रभाव छोड़ा है। वहीं, तेज गेंदबाजी आक्रमण का जिम्मा जसप्रीत बुमराह संभालते दिखेंगे। उनका साथ अर्शदीप सिंह देते नजर आएंगे। हार्दिक पांड्या भी अपने हिस्से के चार ओवर फेंकते दिखेंगे। 
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह। 
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन, सैम करन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, रीस टॉप्ली।
 

 

 

 

 

 
 

Share This News :