Homeराज्यो से ,
डबरा में सीमांकन करने पहुंचे तो दबंगों ने आरआई और पटवारी को बंधक बनाकर पीटा

 ग्वालियर। डबरा के ग्राम जतर्थी में जमीन का सीमांकन करने पहुंचे आरआई और पटवारी को दबंगों ने बंधक बनाकर पीट दिया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें एक दर्जन के लगभग लोग आक्रोशित होकर आरआई से मारपीट कर धमका रहे हैं।घटना की जानकारी लगते ही तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी भितरवार थाने पहुंचे। इस मामले में 7 नामजद सहित लगभग एक दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के अनुसार, जतर्थी गांव में सोमवार को कृषक घनश्याम पुत्र पन्नालाल कुशवाहा निवासी ग्राम गड़ाजर तहसील भितरवार की करियावटी मौजे की जमीन का सीमांकन होना था, जिस पर आरआई अंकित शर्मा और पटवारी अजमेर सिंह गांव पहुंचे थे।

सीमांकन के दौरान आवेदक की ओर से दिलीप कुशवाहा, घनश्याम कुशवाहा भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस के दिए गए आवेदन के अनुसार इसी दौरान सोनू गुर्जर, कल्याण गुर्जर, झुन्नु गुर्जर, ऐंदल गुर्जर, श्रीराम गुर्जर, रग्गो गुर्जर, गोलू गुर्जर के साथ अन्य लोग आ गए और आरआई और पटवारी से मारपीट कर दी और उन्हें बंधक बना लिया। हंगामा हुआ तो अन्य ग्रामीण भी जुट गए।

घटना की जानकारी लगाते ही डबरा से तहसीलदार विनीत गोयल, नायब तहसीलदार अनिल नरवरिया, भितरवार तहसीलदार राकेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी थाने पहुंचे। आरआई अंकित शर्मा ने थाने में दिए आवेदन में कहा कि आरोपियों ने लात घूंसों से मारपीट की। विरोध करने पर मोबाइल छीन लिया। उनके शरीर और चेहरे पर भी काफी चोटें आई हैं।

भितरवार SDOP जितेंद्र नगाइच ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट सहित अन्य धाराओं मे अपराध दर्ज किया गया है। वहीं घटना की जानकारी लगने के बाद डबरा पटवारी संघ के सभी पटवारी और राजस्व निरीक्षक भितरवार पहुंचे, जहां उन्होंने राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी पर हमला करने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर जेल भेजने एवं सीमांकन संबंधित प्रकरणों में पुलिस प्रोटेक्शन उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर थाना प्रभारी एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है।

 

 

 
 

Share This News :