51 लाख पौधे लगाने के लिए 20 करोड़ रुपए का बजट, कांग्रेस बोली नए घोटाले की तैयारी
इंदौर में भाजपा सरकार और प्रशासन 51 लाख पौधे लगाने की मुहिम चला रहा है। सीएम मोहन यादव ने इसके लिए 20 करोड़ रुपए का बजट भी देने की बात कही है। अब कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा के अन्य घोटालों की तरह यह indore plantation भी एक बड़ा घोटाला होगा। कांग्रेस का आरोप है कि यह फंड भी इंदौर नगर निगम के अन्य भ्रष्टाचार की तरह घोटाले की भेंट चढ़ जाएगा। कांग्रेस का तर्क है कि जब इंदौर में 51 लाख पौधे लगाने की जगह ही नहीं है तो फिर इतने पौधे आखिर लगेंगे कहां। साफ दिख रहा है कि इसमें भी बड़ा घोटाला किया जाएगा। इंदौर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि इंदौर शहर में 51 लाख पौधे नहीं लग सकते। कई विशेषज्ञ भी यह बात बता चुके हैं। अब यदि इंदौर में इतनी जगह ही नहीं है तो यह पौधरोपण का इवेंट किस आधार पर किया जा रहा है। चिंटू चौकसे ने कहा कि यदि भाजपा के नेता और प्रशासन सच में 51 लाख पौधे लगा रहा है तो हर पौधे की जिओ टैगिंग करे। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सकेगा।